नर्मदापुरम: इटारसी के व्यस्त सराफा बाजार में दिनदहाड़े चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां भोला ज्वेलर्स नाम की दुकान से एक अज्ञात महिला सोने के आभूषणों से भरी ट्रे लेकर फरार हो गई. ट्रे में करीब 30 ग्राम सोने के गहने रखे थे, जिनकी कीमत 3 से 4 लाख रुपये बताई जा रही है. हैरान करने वाली बात यह है कि जिस समय चोरी हुई उस वक्त दुकान का सीसीटीवी कैमरा खराब मिला. इससे घटना की सीधी फुटेज नहीं मिल सकी. हालांकि आसपास की दुकानों में लगे कैमरों में महिला बुर्का पहनकर जाते हुए कैद हुई है.
पड़ोसी को सौंपी थी जिम्मेदारी
जानकारी के मुताबिक यह घटना इटारसी के सराफा बाजार स्थित भोला ज्वेलर्स की है. दुकान संचालक प्रदीप भोला ने पुलिस को बताया कि दोपहर के समय वह दुकान पर अकेले थे. खाना खाने जाने से पहले उन्होंने पड़ोसी दुकानदार से दुकान पर नजर रखने के लिए कहा था. इसी दौरान एक महिला दुकान में पहुंची और कुछ देर तक काउंटर के पास बैठी रही. दुकानदार के हटते ही मौका पाकर महिला ने काउंटर में रखी सोने के आभूषणों से भरी ट्रे उठाई और तेजी से वहां से निकल गई.
ट्रे में थे 6 मंगलसूत्र और 4 जोड़ी टॉप्स
आसपास मौजूद लोगों को कुछ समझ आता, इससे पहले ही महिला फरार हो चुकी थी. दुकानदार प्रदीप भोला के अनुसार चोरी गई ट्रे में 6 मंगलसूत्र और 4 जोड़ी टॉप्स रखे हुए थे. आभूषणों का कुल वजन करीब 25 से 30 ग्राम बताया जा रहा है. अनुमानित कीमत 3 से 4 लाख रुपये के बीच है. घटना के तुरंत बाद जब दुकान का सीसीटीवी चेक किया गया तो कैमरा खराब निकला. इससे पुलिस को सबसे अहम सबूत नहीं मिल सका.
पुलिस खंगाल रही आसपास के CCTV
पूरे घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर लिया. पुलिस अब आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है. फुटेज में एक महिला बुर्का पहनकर बाजार से जाते हुए दिखाई दे रही है. पुलिस उसी के आधार पर महिला की पहचान करने में जुटी है.
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter