MP News: NEET पेपर लीक मामले में कांग्रेस की साइकिल यात्रा (साइक्लोथॉन) देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के आरएनटी मार्ग परिसर से सुबह 8 बजे रवाना हुई. इस यात्रा का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी कर रहे हैं. इंदौर से भाेपाल तक यह साइकिल रैली दो दिन तक चलेगी.
यात्रा के जरिए कांग्रेस की प्रमुख मांग है कि NEET समेत सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं पर सख्त रोक लगाई जाए. परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही तय की जाए. पेपर लीक के मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए.
परीक्षा व्यापक सुधार की मांग
कांग्रेस युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बंद करने और परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की भी मांग कर रही है. पार्टी का कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाना जरूरी है. यह साइकिल यात्रा रीगल, हाई कोर्ट, मालवा मिल, भमोरी और विजय नगर होते हुए शिप्रा तक निकलेगी. इस यात्रा में सैकड़ों युवा, कांग्रेस कार्यकर्ता, युवा कांग्रेस, NSUI और महिला कांग्रेस के पदाधिकारी शामिल होंगे.
साइक्लोथॉन में शामिल हाेंगे 500 साइकिल सवार
इंदौर से भोपाल तक निकाली जा रही कांग्रेस की साइक्लोथॉन यात्रा में मार्ग में आने वाले प्रत्येक जिले से करीब 500 साइकिल सवार शामिल होंगे. इंदौर, देवास, सीहोर और भोपाल के प्रतिभागियों को मिलाकर यात्रा के अंतिम चरण में दो हजार से अधिक साइकिल यात्री प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के साथ भोपाल पहुंचेंगे.
नियमित साइकिल चालकों की सूची होगी तैयार
यात्रा के लिए इंदौर से भोपाल तक साथ चलने वाले नियमित साइकिल चालकों की अलग सूची तैयार की गई है. इसमें शहर के साइकिलिंग ग्रुप, साइकिल रेसर और विभिन्न फिटनेस क्लबों के सदस्य भी शामिल हैं, जो पूरे रास्ते यात्रा का हिस्सा बनेंगे.
पहले दिन इंदौर से रवाना होने के बाद यात्रा का पड़ाव सीहोर जिले के आष्टा स्थित गोकुलधाम मैरिज गार्डन में रहेगा, जहां रात्रि विश्राम किया जाएगा. इसके बाद 15 जुलाई की सुबह कोठरी कस्बे से यात्रा दोबारा शुरू होगी और भोपाल की ओर आगे बढ़ेगी.
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter