Raipur News: 2 किलो की बिल्ली ने निगल लिया 10 सेंटीमीटर का पेन, डॉक्टरों ने 30 मिनट में किया कमाल

रायपुर. राजधानी में पालतू जानवर से जुड़ा एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है. छह माह की महज दो किलो वजनी बिल्ली करीब 10 सेंटीमीटर लंबा पूरा पेन निगल गई. पेन खाने की नली में फंसने के कारण बिल्ली तीन दिनों से ठीक से खाना-पीना नहीं कर पा रही थी. पशु चिकित्सकों ने बिना चीरफाड़ के एंडोस्कोपी के जरिए महज आधे घंटे में पेन को बाहर निकाल दिया. अब बिल्ली पूरी तरह स्वस्थ है.

वेटनरी सर्जन डॉ. पदम जैन ने बताया कि बिल्ली के मालिक मयंक त्रिपाठी उसे लेकर उनके पास पहुंचे थे. उन्होंने बताया कि बिल्ली की तबीयत खराब है और वह कुछ खा-पी नहीं पा रही है. साथ ही आशंका जताई कि बिल्ली ने पेन निगल लिया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एक्स-रे कराया गया.

एक्स-रे में सिर्फ धातु का हिस्सा दिखाई दिया
एक्स-रे में खाने की नली यानी ओसॉफेगस में धातु जैसी वस्तु फंसी हुई दिखाई दी. पहली नजर में लगा कि पेन का केवल आगे वाला धातु का हिस्सा ही नली में फंसा है. हालांकि एक्स-रे से यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सका कि अंदर कितनी बड़ी वस्तु मौजूद है. ऐसे में डॉक्टरों ने विदेशी वस्तु को एंडोस्कोपी के जरिए निकालने का फैसला किया.

कैमरा अंदर पहुंचा तो पूरा पेन देखकर चौंके
एंडोस्कोपी शुरू होने के बाद डॉक्टरों के सामने पूरा मामला साफ हुआ. कैमरे से खाने की नली के अंदर देखने पर पता चला कि वहां केवल धातु का हिस्सा नहीं, बल्कि करीब 10 सेंटीमीटर लंबा पूरा पेन फंसा हुआ था. दो किलो की इतनी छोटी बिल्ली के इतने लंबे पेन को निगल लेने की बात देखकर चिकित्सक भी हैरान रह गए.

तीन दिन से खाना-पीना था मुश्किल
पेन खाने की नली में फंसा होने के कारण बिल्ली करीब तीन दिनों से ठीक से भोजन और पानी नहीं ले पा रही थी. स्थिति को देखते हुए उसका प्राथमिक उपचार किया गया और विशेषज्ञ चिकित्सकों की मदद से एंडोस्कोपी की तैयारी की गई. करीब आधे घंटे की प्रक्रिया में पेन को बिना किसी बड़ी सर्जरी या चीरफाड़ के बाहर निकाल लिया गया.

पालतू जानवरों के आसपास छोटी वस्तुओं से भी सावधानी जरूरी
डॉ. जैन ने बताया कि पेन बाहर निकलने के बाद बिल्ली के मालिक ने राहत की सांस ली. समय पर उपचार मिलने से किसी बड़ी जटिलता से बचाव हो गया. अब बिल्ली पूरी तरह स्वस्थ है. इस घटना ने एक बार फिर पालतू जानवरों के आसपास पेन, खिलौने और अन्य छोटी वस्तुएं खुली छोड़ने से बचने की जरूरत को सामने ला दिया है.

Check Also

गिरफ्तारी के लिए घर पहुंची पुलिस, लेकिन फरार हो गए BJYM नेता शुभांकर द्विवेदी! गुढ़ियारी थाना तोड़फोड़ केस में तलाश तेज

Raipur News: रायपुर के गुढ़ियारी थाना परिसर में हंगामा और कथित तोड़फोड़ का मामला अब …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *