Breaking News

रायगढ़ में मांड नदी का सीना छलनी कर रहे रेत माफिया! घाटों को अनुमति मिलने से पहले ही अवैध खनन शुरू, चैन माउंटेन जब्त

रायगढ़। जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन पर पूरी तरह लगाम नहीं लग पा रही है। मांड नदी के अलग-अलग हिस्सों में पोकलेन, जेसीबी, ट्रैक्टर और हाइवा की मदद से रेत निकाले जाने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। हैरानी की बात यह है कि जिले में रेत घाटों के आवंटन और संचालन की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है, इसके बावजूद नदी से बड़े पैमाने पर रेत निकाली जा रही है। स्थानीय स्तर पर लेबड़ा से रानीगुड़ी पुल तक कई स्थानों पर ट्रैक्टरों की आवाजाही देखी गई है।

कार्रवाई की भनक लगते ही नदी से हट जाते हैं वाहन
स्थानीय लोगों के मुताबिक, लेबड़ा घाट पर तीन ट्रैक्टरों के जरिए नदी से रेत निकालकर हाइवा में भरी जा रही थी। जैसे ही लोगों की आवाजाही बढ़ी, वाहनों को नदी से बाहर खड़ा कर दिया गया। नदी के आसपास के चार अन्य घाटों पर भी इसी तरह की गतिविधियां होने की जानकारी सामने आई है। नदी के कई हिस्सों में कीचड़ और खराब रास्तों के कारण बड़े वाहन सीधे नहीं पहुंच पाते। ऐसे में ट्रैक्टरों से रेत निकालकर दूसरे वाहनों तक पहुंचाई जाती है। शिकायत मिलने पर जब प्रशासन या खनिज विभाग की टीम मौके पर पहुंचती है, तब तक संबंधित वाहन वहां से हट चुके होते हैं।

पुसल्दा घाट पर खनिज विभाग की कार्रवाई, चैन माउंटेन जब्त
मंगलवार को मिली शिकायत के बाद खनिज विभाग की टीम छाल क्षेत्र के पुसल्दा रेत घाट पहुंची। यहां नदी किनारे खड़ी एक चैन माउंटेन को जब्त कर सील कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, पुसल्दा घाट बिलासपुर की एक पार्टी को आवंटित है। यहां तरुण साहू द्वारा चैन माउंटेन और ट्रैक्टरों के माध्यम से अवैध उत्खनन किए जाने की शिकायत मिली थी। हालांकि, कार्रवाई के दौरान मौके पर ट्रैक्टर नहीं मिले।

लेबड़ा सहित आसपास के घाटों में भी तस्करों की सक्रियता
लेबड़ा से रानीगुड़ी पुल के बीच नदी क्षेत्र में कई स्थानों पर अवैध रूप से रेत निकालने की गतिविधियां संचालित होने की बात सामने आई है। लेबड़ा घाट को बिलासपुर की एक कंपनी को स्वीकृति मिलने की जानकारी है, लेकिन कंपनी ने अब तक विधिवत खनन शुरू नहीं किया है। इसके बावजूद नदी क्षेत्र में मिट्टी के रैंप बनाकर रेत परिवहन का रास्ता तैयार कर लिया गया है।

17 घाटों में से 6 को मिली अनुमति
खनिज विभाग ने जिले में कुल 17 रेत घाटों को आवंटन के लिए चिन्हित किया है। इनमें से छह घाटों को पर्यावरणीय स्वीकृति और भू-प्रवेश की अनुमति मिल चुकी है। इनमें उसरौट, सहसपुर, लेबड़ा, बरभौना, बायसी और जबलपुर शामिल हैं। उसरौट घाट को पहले ही खनन की अनुमति मिल चुकी है। वहीं पुसल्दा, औराभांठा, दुर्यमुड़ा और सरडामाल में भू-प्रवेश की प्रक्रिया लंबित है। इन चार घाटों को इसी महीने अनुमति मिलने की संभावना जताई जा रही है। शेष सात घाटों की प्रक्रिया पर्यावरणीय स्वीकृति और जरूरी दस्तावेजों की कमी के कारण रायपुर स्तर पर अटकी हुई है।

दो दिन पहुंची टीम, लेकिन नहीं मिले वाहन
खनिज निरीक्षक सोमेश सिन्हा ने बताया कि शिकायत के आधार पर मंगलवार को पुसल्दा घाट में कार्रवाई की गई, जहां से एक चैन माउंटेन जब्त की गई है। उन्होंने कहा कि लेबड़ा घाट को लेकर भी लगातार शिकायतें मिल रही हैं। कार्रवाई के लिए विभाग की टीम दो बार मौके पर पहुंची, लेकिन उसके पहुंचने से पहले ही संबंधित लोग वाहन लेकर निकल गए। खनिज विभाग के अनुसार, जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन रोकने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

Check Also

सैनिक स्कूल- जहां कक्षा 6 वीं से ही शुरू हो जाती है सैन्य अधिकारी बनने की यात्रा, AISSEE 2027 के लिए आवेदन जारी, 31 जनवरी को होगी प्रवेश परीक्षा

रायपुर: भारतीय सशस्त्र बलों में अधिकारी बनने का सपना देखने वाले विद्यार्थियों के लिए सैनिक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *