Breaking News

दुर्ग के VY Hospital में आयुष्मान योजना के नाम पर कथित फर्जीवाड़ा! 17 मरीज भर्ती दिखे, 3 अस्पताल से गायब

दुर्ग के VY Hospital में आयुष्मान भारत योजना के नाम पर कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है. जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त जांच में अस्पताल के संचालन से जुड़ी कई गंभीर अनियमितताएं उजागर हुई हैं. जांच के दौरान न तो योग्य डॉक्टर मिले और न ही प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ. इसके बावजूद आयुष्मान भारत योजना के पोर्टल पर मरीजों को भर्ती दिखाकर उनके इलाज का रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा था.

दुर्ग के पद्मनाभपुर स्थित 20 बिस्तरों वाले इस अस्पताल को लेकर कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देश पर डिप्टी कलेक्टर सृष्टि चंद्राकर के नेतृत्व में पहुंची जांच टीम ने अस्पताल में करीब ढाई घंटे तक जांच की. इस दौरान आयुष्मान पोर्टल पर 17 मरीज भर्ती दर्ज मिले, लेकिन इनमें से तीन मरीज अस्पताल में मौजूद नहीं थे. एक मरीज की फाइल में अगले दिन तक के इलाज की प्रविष्टि पहले से दर्ज मिली. इससे मरीजों के उपचार संबंधी रिकॉर्ड की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो गए हैं.

जांच में स्टाफ की योग्यता को लेकर भी चौंकाने वाली जानकारी सामने आई. अस्पताल में एमए पास महिला नर्सिंग का काम करती मिली, जबकि बीएएमएस डिग्रीधारी व्यक्ति खुद को आईसीयू डॉक्टर बताकर मरीजों का इलाज कर रहा था. अस्पताल में योग्य चिकित्सकों और प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ की अनुपस्थिति ने मरीजों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है.

जांच रिपोर्ट पर AI से तैयार होने का संदेह
जांच के दौरान मरीजों की मेडिकल जांच रिपोर्ट वीवाय डायग्नोस्टिक सेंटर एवं पैथोलॉजिकल लेबोरेटरी के नाम से मिली. नोडल अधिकारी के अनुसार जिले में इस नाम से कोई पैथोलॉजी सेंटर पंजीकृत नहीं है. रिपोर्ट में तकनीकी खामियां मिलने के बाद इनके एआई के माध्यम से तैयार किए जाने की आशंका भी जताई गई है.

राज्य सरकार को कार्रवाई के लिए लिखा पत्र
सीएमएचओ मनोज दानी ने बताया कि जांच में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं. आयुष्मान भारत योजना से जुड़े मामले में राज्य स्तर पर कार्रवाई के लिए पत्र लिखा गया है. वहीं, नर्सिंग होम एक्ट के उल्लंघन को लेकर भी राज्य सरकार को कार्रवाई के लिए अवगत कराया गया है. जांच टीम ने अस्पताल से संबंधित दस्तावेज जब्त कर लिए हैं. अब विस्तृत जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Check Also

सैनिक स्कूल- जहां कक्षा 6 वीं से ही शुरू हो जाती है सैन्य अधिकारी बनने की यात्रा, AISSEE 2027 के लिए आवेदन जारी, 31 जनवरी को होगी प्रवेश परीक्षा

रायपुर: भारतीय सशस्त्र बलों में अधिकारी बनने का सपना देखने वाले विद्यार्थियों के लिए सैनिक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *