Jharkhand News: झारखंड के हजारीबाग जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जो न सिर्फ मां-बेटी के रिश्ते को बल्कि मानवता को भी शर्मसार कर दिया है. तंत्र-मंत्र के नाम पर एक महिला ने अपनी ही बेटी के साथ ऐसा कृत्य किया, जिसे जानकार आपकी रूह कांप जाएगी. महिला ने तांत्रिक के बहकावे में आकर अपनी ही बेटी की बलि चढ़ा दी. इस दौरान बेटी के साथ ऐसी अमानवीय घटना को अंजाम दिया, जिसे सुनकर आपके होश उड़ जाएंगे और सोचने पर मजबूर हो जाएंगे कि क्या कोई मां अपनी ही बेटी के साथ ऐसा कृत्य कर सकती है. फिलहाल, पुलिस ने महिला, तांत्रिक और उसके एक सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है.
दरअसल, यह मामला हजारीबाग जिले के कुसुमभा गांव का है. जहां एक नाबालिग लड़के की मानसिक हालत सही नहीं थी, तो उसकी मां ने एक तांत्रिक से संपर्क किया. तांत्रिक ने भी बच्चे को ठीक करने का दावा किया और कुछ शर्त रखी. तांत्रिक ने महिला से कहा कि बेटा तो ठीक हो जाएगा, लेकिन इसके लिए एक कुंवारी लड़की की बलि देनी पड़ेगी. इस दौरान महिला तांत्रिक के बहकावे में आ गई और अपनी ही बेटी की बलि देने का प्लान बना लिया. 24 मार्च को नवरात्र की अष्टमी के दिन जब पूरा गांव जश्न में डूबा था, उसी दौरान महिला ने अपनी बेटी को मौत के घाट उतार दिया.
पुलिस ने महिला के दावे की खोली पोल
पुलिस के मुताबिक, महिला ने तांत्रिक के बहकावे में आकर ऐसा कृत्य किया. इसमें महिला का साथ गांव के ही भीमराम ने दिया. पुलिस ने दावा किया कि इस हत्या में तीन आरोपी शामिल थे. जिसमें लड़की की मां ने हत्या किया फिर तांत्रिक ने लड़की के गुप्तांगों में लकड़ी की छड़ी डाल दी. भीम राम ने तांत्रिक के अनुष्ठान के लिए लड़की के सिर पर वार कर उसका खून निकाला और बाद में शव को बगीचे में दफना दिया. इसके बाद किसी को भी हत्या का शक न हो, इसलिए पुलिस को गुमराह करने के लिए रेप का दावा किया, लेकिन पुलिस ने पोल खोल कर रख दी.
तीनों आरोपियों को भेजा जेल
जब पुलिस ने इस मामले की जांच की तो महिला का दावा गलत निकला. पुलिस ने पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच कराई, जिसकी रिपोर्ट में महिला के दावे की पुष्टि नहीं हुई. यह मामला काफी सुर्खियों में रहा है. बच्ची की हत्या के बाद मामला इतना बढ़ गया था कि भाजपा ने हत्या के विरोध में सोमवार को हजारीबाग बाजार को करीब 12 घंटे बंद कराए रखा था. फिलहाल, पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है.
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter