सूरजपुर में टायर फटते ही बेकाबू हुई बिहार से आ रही बस, पेड़ से टकराई; 12 यात्री घायल

बिहार के सासाराम से छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जा रही यात्री बस सूरजपुर जिले के प्रतापपुर क्षेत्र में पेड़ से टकरा गई। हादसे में करीब 12 यात्री घायल हो गए। इनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसा शिवपुर मार्ग के पास हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बस का टायर फटने से चालक नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है। बाकी घायलों का प्रतापपुर अस्पताल में इलाज चल रहा है।

टायर फटने से बिगड़ा बस का संतुलन
जानकारी के मुताबिक, बस सासाराम से यात्रियों को लेकर अंबिकापुर जा रही थी। प्रतापपुर के शिवपुर मार्ग के पास अचानक बस का टायर फट गया। इससे बस का संतुलन बिगड़ गया और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। इसके बाद बस सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई।

स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकाला
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सभी घायलों को प्रतापपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उनका इलाज शुरू किया।

चार गंभीर घायलों को अंबिकापुर किया रेफर
अस्पताल में प्राथमिक उपचार और जांच के दौरान चार यात्रियों की हालत गंभीर पाई गई। उन्हें बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है। वहीं, बाकी घायलों का प्रतापपुर अस्पताल में उपचार जारी है।

पुलिस कर रही हादसे की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही प्रतापपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का जायजा लिया। शुरुआती जानकारी में टायर फटना हादसे की वजह बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है।

Check Also

जांजगीर-चांपा के सरकारी स्कूल में छोटे बच्चों से सफाई और मरम्मत का काम, वीडियो वायरल होने पर जांच के आदेश

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में सरकारी स्कूल में पहली से पांचवीं तक की कक्षाओं में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *