Breaking News

रायगढ़ में श्रम न्यायालय का बड़ा एक्शन: 5 उद्योगों पर 5.25 लाख का जुर्माना, सुरक्षा नियमों की अनदेखी पड़ी भारी

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में श्रम कानूनों और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले पांच उद्योगों के खिलाफ श्रम न्यायालय ने सख्त कार्रवाई की है। विभिन्न मामलों की सुनवाई के बाद न्यायालय ने संबंधित उद्योगों पर कुल 5 लाख 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। यह कार्रवाई औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई।

निरीक्षण में सामने आए नियम उल्लंघन
औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के अधिकारियों द्वारा जिले के विभिन्न उद्योगों का निरीक्षण किया गया था। जांच के दौरान कारखाना अधिनियम 1948, छत्तीसगढ़ कारखाना नियमावली 1962 तथा भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार अधिनियम 1996 के कई प्रावधानों का उल्लंघन पाया गया।

इसके बाद संबंधित उद्योगों के खिलाफ श्रम न्यायालय में प्रकरण दर्ज किए गए। सुनवाई के दौरान न्यायालय ने उल्लंघनों को गंभीर मानते हुए उद्योग प्रबंधन पर आर्थिक दंड लगाने का फैसला सुनाया।

इन उद्योगों पर लगा जुर्माना
न्यायालय ने मेसर्स मां मंगला इस्पात प्राइवेट लिमिटेड, नटवरपुर के अधिभोगी हर्षवर्धन गर्ग पर 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। वहीं मेसर्स गुरुश्री इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, देलारी के अधिभोगी एवं प्रबंधक मुकेश बंसल को भी 1 लाख रुपये का अर्थदंड भरने के निर्देश दिए गए।

मेसर्स नवदुर्गा फ्यूल प्राइवेट लिमिटेड, सराईपाली के अधिभोगी एवं प्रबंधक प्रकाश बेहरा पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा मेसर्स सिंघल स्टील एंड पावर लिमिटेड, तराईमाल के अधिभोगी विनय कुमार शर्मा और कारखाना प्रबंधक जी.के. मिश्रा पर सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के दो अलग-अलग मामलों में 1-1 लाख रुपये का दंड लगाया गया।

आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
मेसर्स सावित्री राइस मिल, सहदेवपाली के अधिभोगी एवं कारखाना प्रबंधक सूर्यकांत अग्रवाल को भी कारखाना अधिनियम के उल्लंघन का दोषी मानते हुए 1 लाख रुपये का जुर्माना भरने का आदेश दिया गया है।

विभागीय अधिकारियों ने कहा है कि जिले में संचालित उद्योगों का नियमित निरीक्षण जारी रहेगा। श्रमिकों की सुरक्षा और कानूनी प्रावधानों के पालन में लापरवाही बरतने वाले उद्योगों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Check Also

पीड़िता को फोन कर दी जान से मारने की धमकी, अनाचार और ब्लैकमेलिंग का आरोपी गिरफ्तार…

कोंडागांव। अनाचार एवं ब्लैकमेलिंग के आरोप में जेल जा चुका आरोपी रिहा होने के बाद …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *