इंडोनेशिया में शनिवार तड़के उस वक्त हड़कंप मच गया जब समुद्र के अंदर 7.7 तीव्रता का बेहद शक्तिशाली भूकंप आया। यूरोपियन-मेडिटेरेनियन सिस्मोलॉजिकल सेंटर (EMSC) के अनुसार, यह तीव्र भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 4:58 बजे रिकॉर्ड किया गया।
भूकंप का केंद्र समुद्र के भीतर लगभग 35 किलोमीटर की गहराई में था। झटके इतने तेज थे कि बड़े समुद्री और तटीय इलाकों में धरती काफी देर तक हिलती रही।
सुनामी का अलर्ट जारी और लगातार महसूस हो रहे आफ्टरशॉक्स
शक्तिशाली समुद्री हलचल को देखते हुए इंडोनेशिया की मौसम और भूभौतिकी एजेंसी (BMKG) ने देश के कुछ संवेदनशील तटीय इलाकों के लिए तुरंत सुनामी की चेतावनी जारी कर दी है। एजेंसी की टीमें लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं और तटीय जलस्तर के बदलावों को मॉनिटर कर रही हैं।
ईएमएससी के मुताबिक, मुख्य भूकंप के बाद अब तक कम से कम तीन बड़े आफ्टरशॉक्स दर्ज किए जा चुके हैं, जिससे यह साफ है कि भूगर्भीय प्लेटों में हलचल अभी शांत नहीं हुई है और आगे भी झटके महसूस किए जा सकते हैं।
जमीनी प्रभाव और नुकसान का आकलन जारीभूकंप का केंद्र समुद्र के अंदर होने के कारण जमीनी इलाकों पर इसके सटीक असर और जान-माल के नुकसान की स्थिति अभी पूरी तरह साफ नहीं हो पाई है।
राहत और प्रशासनिक अधिकारियों ने अलर्ट जारी करते हुए निगरानी बढ़ा दी है। स्थानीय प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि भूकंप और उसके बाद आए झटकों का सबसे अधिक असर किन द्वीपों और बस्तियों पर पड़ा है।
ऑस्ट्रेलिया के लिए कोई खतरा नहीं, मिली राहत
इंडोनेशिया में सुनामी की चेतावनी के बीच ऑस्ट्रेलियाई सुनामी चेतावनी एजेंसी ने स्थिति स्पष्ट करते हुए एक बयान जारी किया है। एजेंसी के अनुसार, इस 7.7 तीव्रता के भूकंप से ऑस्ट्रेलिया की मुख्य भूमि, उसके द्वीपों या अन्य अधिकार क्षेत्रों को सुनामी का कोई खतरा नहीं है। इससे पड़ोसी ऑस्ट्रेलियाई क्षेत्रों में बड़ी राहत की स्थिति बनी हुई है।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter