Jashpur Crime News: चरित्र पर शक बना हत्या की वजह! घायल पत्नी को इलाज के बहाने बोलेरो में ले गया पति, सुबह मिला शव

जशपुर। रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात में चरित्र पर संदेह ने एक पति को अपनी ही पत्नी का हत्यारा बना दिया। जशपुर जिले में दूसरी महिला को पत्नी बनाकर रखने और पहली पत्नी के चरित्र पर लगातार शक करने वाले आरोपी ने विवाद के दौरान टांगी के पासा और डंडे से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना के बाद आरोपी घायल पत्नी को उपचार कराने के बहाने बोलेरो वाहन में लेकर निकला, लेकिन अगली सुबह उसी वाहन की बीच वाली सीट पर महिला का शव मिला। मामले में जशपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

बगीचा थाना क्षेत्र के रनपुर गांव का मामला
यह पूरा मामला थाना बगीचा क्षेत्र के ग्राम रनपुर का है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कोलो राम (43 वर्ष), निवासी ग्राम रनपुर, थाना बगीचा, जिला जशपुर के रूप में हुई है। आरोपी ग्राम लरंगा स्थित बालक छात्रावास में प्रभारी छात्रावास अधीक्षक के पद पर कार्यरत है।

दूसरी महिला को पत्नी बनाकर रहने लगा था आरोपी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी रोशन कुमार (20 वर्ष), पिता कोलो राम ने 8 नवंबर 2026 को थाना बगीचा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि उसके पिता कोलो राम ने करीब एक वर्ष पहले एक अन्य महिला को पत्नी बनाकर रख लिया था और उसके बाद से वह दूसरी पत्नी के साथ पंडरापाठ क्षेत्र में रहने लगा था। वहीं प्रार्थी अपनी मां इन्द्रमुनी और भाई के साथ ग्राम रनपुर में रहता था। आरोपी जब भी गांव आता था, तब अपनी पहली पत्नी इन्द्रमुनी के चरित्र पर संदेह करते हुए उसके साथ विवाद और मारपीट करता था।

घर में घुसकर टांगी के पासा से किया हमला
घटना 7 नवंबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे की है। आरोपी कोलो राम ग्राम रनपुर पहुंचा और दरवाजा खुलवाकर घर के अंदर घुस गया। इसके बाद वह अपनी पत्नी इन्द्रमुनी के कमरे में पहुंचा और चरित्र पर संदेह करते हुए गाली-गलौज करने लगा। इसी दौरान जान से मारने की धमकी देते हुए घर में रखे टांगी के पासा से उसकी पीठ पर दो बार वार कर दिया।

बेटों ने किसी तरह बचाई मां की जान
इतने पर भी आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ। वह पत्नी को घर से बाहर खींचकर ले गया और गांव में पड़ोसियों के घर के सामने डंडे से उसकी पिटाई करने लगा। प्रार्थी और अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर आरोपी को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। किसी तरह महिला को उसके चंगुल से छुड़ाया गया। मारपीट में इन्द्रमुनी की पीठ और हाथ सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई थीं। इसके बाद प्रार्थी और उसका छोटा भाई घायल मां को उठाकर अपने घर ले आए और उसे सुला दिया।

उपचार के बहाने बोलेरो में ले गया, सुबह मिला शव
कुछ समय बाद आरोपी कोलो राम वापस आया और पत्नी को उपचार के लिए बोलेरो वाहन से ले जाने की बात कहकर उसे अपने साथ लेकर चला गया। रात करीब 4 बजे आरोपी फिर ग्राम रनपुर स्थित घर लौटा। अगली सुबह करीब 6 बजे प्रार्थी ने घर के पास खड़ी बोलेरो का दरवाजा खोलकर देखा तो उसकी मां इन्द्रमुनी बीच वाली सीट पर मृत अवस्था में पड़ी थी। वहीं आरोपी पिता आसपास मौजूद नहीं था।

आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त हथियार और बोलेरो जब्त
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना बगीचा में अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस ने विवेचना शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम कराया। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी पति कोलो राम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त टांगी, डंडा और बोलेरो वाहन भी जब्त किया है। आरोपी के विरुद्ध अपराध के पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे विधिवत न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस मामले की विवेचना और आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी बगीचा निरीक्षक विक्रांत कुमार सोन, उप निरीक्षक अर्जुन यादव, सहायक उप निरीक्षक नरेंद्र मिंज एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Check Also

Mahadev Betting App Case: सौरभ चंद्राकर को 14 दिन की जेल, ED की कस्टडी मांग पर CBI कोर्ट ने दिया झटका

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में बड़ी खबर सामने आई है। महादेव सट्टा नेटवर्क …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *