Mahadev Satta App Case: रायपुर में CBI की बड़ी दबिश, जेल में बंद मोहित सोमानी के घर खंगाले दस्तावेज

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अपनी जांच तेज कर दी है। सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी और भारत वापसी के बाद अब CBI की टीम ने रायपुर में कार्रवाई की है। शुक्रवार को जांच एजेंसी की टीम जेल में बंद आरोपी मोहित सोमानी के घर पहुंची और दबिश दी। मोहित सोमानी का नाम महादेव सट्टा सिंडिकेट में ऑपरेटर के रूप में सामने आया था। बताया जा रहा है कि वह महादेव 364 पैनल का संचालन करता था।

मोहित सोमानी के घर CBI की दबिश
महादेव सट्टा ऐप मामले में CBI की टीम शुक्रवार को रायपुर की समता कॉलोनी स्थित मोहित सोमानी के घर पहुंची। जानकारी के मुताबिक, करीब छह सदस्यीय टीम ने उसके ठिकाने पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद रायपुर में CBI की यह कार्रवाई जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

कोलकाता से हुई थी मोहित की गिरफ्तारी
जांच के दायरे में आया मोहित सोमानी महादेव ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़ा रहा है। बताया जाता है कि वह महादेव 364 पैनल का संचालन करता था। इस नेटवर्क के जरिए ऑनलाइन सट्टे का कारोबार संचालित किए जाने की बात सामने आई है। मोहित सोमानी को नवंबर 2024 में रायपुर पुलिस ने कोलकाता के न्यू टाउन इलाके से गिरफ्तार किया था। पुलिस की कार्रवाई के बाद से उसका नाम महादेव सट्टा ऐप मामले में लगातार चर्चा में रहा है। फिलहाल उसके रायगढ़ जेल में बंद होने की जानकारी सामने आई है।

सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद जांच तेज
महादेव सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लाए जाने के बाद CBI ने उससे पूछताछ की थी। आठ दिन की CBI कस्टडी पूरी होने पर 12 नवंबर को रायपुर की विशेष CBI अदालत ने उसे 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इसके बाद अब CBI की टीम ने मोहित सोमानी के ठिकाने पर दबिश दी है।

आज ED कोर्ट में पेशी, कस्टोडियल रिमांड की तैयारी
सौरभ चंद्राकर के मामले में अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई भी आगे बढ़ रही है। CBI अदालत में न्यायिक हिरासत मिलने के बाद ED ने उसे अपने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पेश कराने के लिए प्रोडक्शन वारंट हासिल किया है। 13 नवंबर को सुबह 11 बजे PMLA कोर्ट में पेशी प्रस्तावित है, जहां ED उसकी गिरफ्तारी और कस्टोडियल रिमांड की मांग कर सकती है। मोहित सोमानी के घर हुई कार्रवाई और सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के बीच इस मामले में आगे कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Check Also

Balod Crime News: शराब भट्ठी के पास विवाद में हुई हत्या, डेढ़ साल बाद दोषी को उम्रकैद की सजा

बालोद। शराब पीने के बाद हुए विवाद में डेढ़ साल पहले हुई हत्या के मामले …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *