Breaking News

पटना से दुबई-अमेरिका तक ऑनलाइन सट्टेबाजी का जाल! 88.52 करोड़ के लेन-देन का खुलासा, मास्टरमाइंड पति-पत्नी समेत 6 गिरफ्तार

Online Betting Syndicate Bihar: राजधानी पटना के पॉश अपार्टमेंट्स में बैठकर दुबई और अमेरिका तक फैलाए गए ऑनलाइन सट्टेबाजी के एक बड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का पटना पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। बुधवार को पटना पुलिस ने झारखंड, पश्चिम बंगाल, दिल्ली और उत्तर प्रदेश की पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाते हुए छह शहरों में एक साथ छापेमारी की।

इस बड़ी कार्रवाई में रांची से गिरोह के मुख्य सरगना संदीप कुमार गुप्ता और उसकी पत्नी लवली प्रिया समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा रांची, कोलकाता, प्रयागराज और पटना के अलग-अलग ठिकानों से 37 अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

महादेव एप की तर्ज पर चल रही थीं विदेशी सट्टेबाजी वेबसाइटें
पुलिस की जांच में सामने आया है कि मुख्य सरगना संदीप कुमार गुप्ता दुबई में रहकर विदेशी सर्वर के जरिए सट्टेबाजी की वेबसाइटें चला रहा था। इसके लिए बालीएक्सचेंज डॉट कॉम, शिवा 365 डॉट लाइव, क्रिकबजएक्सचेंज डॉट कॉम और बजिम्मरी डॉट कॉम जैसे प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल हो रहा था, जिनका काम करने का तरीका चर्चित महादेव सट्टेबाजी एप जैसा था।

गिरोह के सदस्य सोशल मीडिया पर कम समय में मोटी कमाई का लालच देने वाले विज्ञापन डालते थे। संपर्क करने वाले लोगों से व्हाट्सएप कॉल और चैट के जरिए जुड़कर उन्हें सट्टा खेलने के लिए बैंक खाता नंबर या क्यूआर कोड भेजा जाता था।

शुरुआत में जीत का लालच, फिर बड़ी रकम पर ठगी
ठगी के इस खेल में शुरुआत में कम पैसे लगाने वाले यूजर्स को जानबूझकर जिताया जाता था ताकि उनका भरोसा जीता जा सके। जब खिलाड़ी लालच में आकर बड़ी रकम दांव पर लगाते थे, तो या तो वे हार जाते थे या जीतने के बाद भी उनके पैसे रोक लिए जाते थे। जांच में यह भी पता चला है कि सरगना संदीप, उसकी पत्नी और गिरोह के अन्य सदस्य दिल्ली, रांची और पटना जैसे शहरों के बीच अक्सर हवाई जहाज से सफर करते थे।

15 बैंकों के 44 म्यूल खातों में जमा हुए 88.52 करोड़ रुपये
सट्टेबाजी और ठगी की काली कमाई को खपाने के लिए गिरोह ने 15 अलग-अलग बैंकों के 44 करंट खातों को म्यूल अकाउंट के रूप में इस्तेमाल किया। इन खातों में कुल 88.52 करोड़ रुपये जमा हुए थे, जिनमें से लगभग 99 प्रतिशत यानी 87.62 करोड़ रुपये आगे दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दिए गए।

पुलिस को संदेह है कि पैसों के असली मालिकों की पहचान छिपाने के लिए फर्जी फर्मों और शेल कंपनियों के जरिए कई स्तरों पर मनी लॉन्ड्रिंग की जा रही थी।

अमेरिका से 6 बार में भारत मंगाए गए 15.23 करोड़ रुपये
इस सिंडिकेट के वित्तीय तार अमेरिका से भी जुड़े मिले हैं। जांच आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर 2023 से अक्टूबर 2024 के बीच छह अलग-अलग किस्तों में कुल 18 लाख 54 हजार 690 अमेरिकी डॉलर (भारतीय मुद्रा में करीब 15 करोड़ 23 लाख 22 हजार 985 रुपये) भारतीय बैंक खातों में भेजे गए।

  • अक्टूबर 2023: 10 लाख डॉलर (लगभग 8.17 करोड़ रुपये)
  • नवंबर 2023: 10,550 डॉलर
  • अप्रैल 2024: 2.50 लाख डॉलर
  • जुलाई 2024: 4,24,210 डॉलर
  • सितंबर 2024: 1,19,960 डॉलर
  • अक्टूबर 2024: 49,970 डॉलर

पटना के इन 4 अपार्टमेंट्स में हुई छापेमारी, ये आरोपी धराए
पटना पुलिस ने शहर के चार प्रमुख रिहायशी ठिकानों पर दबिश दी, जिनमें मोंटेसरी लेन स्थित मेरिडियन इन्क्लेव अपार्टमेंट (फ्लैट ए-301), राजा बाजार बेली रोड स्थित सुशीला रेजिडेंसी (फ्लैट 404), एग्जीबिशन रोड स्थित जेडी टावर (फ्लैट 403) और खगौल के अग्रणी होम्स (एच ब्लॉक, फ्लैट 108) शामिल हैं।

कार्रवाई में रांची से गिरफ्तार मुख्य सरगना संदीप कुमार गुप्ता और लवली प्रिया के अलावा पटना से मनदीप सिंह उर्फ गोल्डी, कौशल कुमार, चंगु और मोनू कुमार उर्फ मंगू को दबोचा गया है। पुलिस अब विदेशी सर्वर, बैंक खातों और अमेरिका से आए फंड के अंतिम लाभार्थियों की तलाश में जुटी है।

Check Also

तिलक समारोह से लौटते वक्त मौत बनकर आई स्कॉर्पियो, नहर में डूबने से एक ही गांव के 6 लोगों की मौत

बिहार के अररिया जिले में बुधवार देर रात तिलक समारोह से लौट रही एक स्कॉर्पियो …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *