अलाव तापते समय बुजुर्ग आग की चपेट में आया, मौत:कोरबा में 80% झुलसे बुजुर्ग ने इलाज के दो दिन बाद अस्पताल में तोड़ा दम

कोरबा जिले में कड़ाके की ठंड के बीच करतला थाना क्षेत्र के ग्राम बड़मार में अलाव तापते समय आग की चपेट में आने से 72 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। इलाज के दौरान उसने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान मंशीदास महंत (72 वर्ष) के रूप में हुई है, जो अपने सात बेटों और बहुओं के साथ रहते थे। ठंड से बचने के लिए परिवार रोजाना घर में अलाव जलाता था। रविवार रात को भी परिवार ने अलाव जलाया था। देर शाम तक सभी लोग आग तापते रहे, जिसके बाद अपने-अपने कमरों में चले गए। मंशीदास महंत अलाव के पास ही चटाई बिछाकर कंबल ओढ़कर सो गए थे।

परिजनों ने किसी तरह आग बुझाई
रात करीब 12 बजे मंशीदास की चीख सुनकर परिजनों की नींद खुली। बाहर आकर देखा तो बुजुर्ग कंबल सहित आग की लपटों में घिरे हुए थे। परिजनों ने चादर की मदद से किसी तरह आग बुझाई, लेकिन तब तक मंशीदास करीब 80 प्रतिशत झुलस चुके थे।

इलाज के दो दिन बाद बुजुर्ग की मौत
परिजन प्राथमिक उपचार के तौर पर शरीर पर स्याही लगाने के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए। दो दिनों तक चले इलाज के बाद देर रात मंशीदास ने दम तोड़ दिया।

रात में अचानक चीख सुनकर बाहर दौड़े परिजन
मृतक के बेटे ने बताया कि ठंड बढ़ने पर घर के सामने वाले कमरे में परिवार के 9-10 सदस्य अलाव जलाकर बैठे थे। रात होने पर सभी अपने-अपने कमरों में चले गए। अचानक पिताजी के चिल्लाने की आवाज आई और बाहर निकलने पर वे आग की चपेट में थे।

जिला अस्पताल चौकी प्रभारी विश्व नारायण चौहान ने बताया कि मेडिकल कॉलेज से मिली जानकारी के आधार पर बयान दर्ज किया गया है। आगे की जांच के लिए संबंधित थाना को डायरी भेजी जाएगी।

Check Also

Durg 4 Crore Cash Case: चार करोड़ रुपये पर गुजरात की महिला कारोबारी ने ठोका दावा, दुर्ग कोर्ट ने लौटाने से किया इनकार

Durg 4 Crore Cash Seized: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में हाल ही में टैंपो में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *