हाशिम बाबा के खिलाफ बोल रहा था, इसलिए निपटा दिया… लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली वसीम हत्याकांड की जिम्मेदारी

दिल्ली में हुए वसीम हत्याकांड की जिम्मेदारी अब लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने लेने का दावा किया है। गैंग की ओर से कहा गया है कि यह हत्या उत्तरी-पूर्वी दिल्ली के कुख्यात गैंगस्टर हाशिम बाबा के लिए अंजाम दी गई। हालांकि, इस मामले में दिल्ली पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में यह हत्या आपसी रंजिश का नतीजा सामने आई थी। यह सनसनीखेज वारदात दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में हुई थी, जहां वसीम की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अब बिश्नोई गैंग के दावे के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है और पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या हत्या का सीधा संबंध गैंगवार और संगठित अपराध से है।

पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड को कुछ ही घंटों में सुलझाने का दावा किया है। जांच के दौरान पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, 30 और 31 दिसंबर की दरम्यानी रात शास्त्री पार्क स्थित जेपीसी अस्पताल से सूचना मिली थी कि चाकू लगने से घायल एक युवक को अस्पताल लाया गया है। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान बुलंद मस्जिद, शास्त्री पार्क निवासी 33 वर्षीय वसीम के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू की और कुछ ही घंटों में आरोपियों को पकड़ लिया।

पुलिस ने ऐसे किया खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार
जांच में सामने आया कि वसीम पर डीडीए पार्क के पीछे बने लूप के पास चाकू से हमला किया गया था। सूचना मिलते ही शास्त्री पार्क थाना पुलिस मौके पर पहुंची, जहां फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम सबूत जुटाए और हत्या का मामला दर्ज किया गया। इसके बाद एसएचओ इंस्पेक्टर मनजीत तोमर के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम गठित की गई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया, जिससे आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिली।

जांच के दौरान पुलिस ने दो सगे भाइयों 26 वर्षीय शाकिर और 22 वर्षीय इस्लाम उर्फ बॉर्डर को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी बुलंद मस्जिद, शास्त्री पार्क के निवासी हैं। पूछताछ में दोनों ने हत्या की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपियों के मुताबिक, मृतक वसीम के साथ उनका पहले से विवाद चल रहा था और इसी पुरानी रंजिश के चलते उन्होंने उस पर चाकू से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।

Check Also

Gold Silver Price Today Update: सोना-चांदी में हलचल, 18 से 24 कैरेट तक के उछले दाम, जानें क्या है ताजा भाव

Gold and Silver Rise Second Day: सोना-चांदी की कीमतों पर इन दिनों उतार-चढ़ाव जारी है. …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *