Delhi Floods: दिल्ली में ‘जल प्रलय’, सचिवालय तक पहुंचा बाढ़ का पानी, गीता कॉलोनी का श्मशान घाट डूबा

Delhi Floods: देश की राजधानी दिल्ली इस वक्त बाढ़ के संकट से जूझ रही है. यमुना के बढ़ते जलस्तर से जनजीवन अस्त-व्यस्त होता दिखाई रहा है. आलम ये है कि दिल्ली सचिवालय के पास तक बाढ़ का पानी पहुंच गया है. वहीं अब गीता कॉलोनी में भी यमुना का पानी पहुंच गया है. यमुना के पानी में गीता कॉलोनी का श्मशान घाट डूब चुका है.

खतरे के निशान के ऊपर बह रही यमुना
यमुना का जलस्तर गुरुवार सुबह ओल्ड रेलवे ब्रिज पर 207.47 मीटर दर्ज किया गया है. इस बीच, हथिनी कुंड बैराज से 1,33,995 क्यूसेक पानी भी रिलीज किया गया है. वजीराबाद बैराज से 1,93,090 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है. वहीं ओखला बैराज से भी 2,44,478 क्यूसेक पानी छोड़ा जा चुका है. अलग-अलग बैराजों से छोड़े गए पानी के कारण यमुना का जलस्तर और भी बढ़ रहा है और यह खतरे के निशान से ऊपर बह रही है.

अलीपुर में फ्लाईओवर का एक हिस्सा धंसा
यमुना के बढ़ते जलस्तर के कारण मयूर विहार फेज-1 का राहत कैंप भी डूब गया है. जबकि, स्वामी नारायण मंदिर के चारों तरफ भी पानी ही पानी नजर आ रहा है. यमुना का पानी अक्षरधाम तक पहुंच चुका है. ISBT तक जलमग्न हो चुका है. लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण देश की राजधानी में भीषण बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है. एनएच-44 पर अलीपुर में फ्लाईओवर का एक हिस्सा भी धंस गया है. सिविल लाइन में भी पानी ही पानी नजर आ रहा है. इस बीच, यमुना के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए राजघाट से सटे रास्तों को एहतियात के तौर पर बंद कर दिया गया है.

यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन जाने वाला संपर्क मार्ग बाधित
यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन तक जाने वाला संपर्क मार्ग भी बाधित हो गया है. इस वजह से लोग मेट्रो स्टेशन तक नहीं पहुंच पा रहे हैं. हालांकि, डीएमआरसी ने कहा है कि मेट्रो स्टेशन चालू है और इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध है. बता दें कि यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन से वैशाली और नोएडा जाने के लिए दो अलग-अलग रूट हैं. यहां पर यात्री मेट्रो बदलकर अपने गंतव्य तक आसानी से पहुंच सकते हैं.

Check Also

MP News: जूनियर डॉक्टरों और इंटर्न के लिए खुशखबरी, स्टाइपेंड में हुई बढ़ोतरी, अब हर महीने मिलेंगे इतने रुपये

MP News: मध्यप्रदेश के जूनियर डॉक्टरों और इंटर्न को सरकार की तरफ से बड़ी खुशखबरी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *