जांजगीर में एनीकट निर्माण को मंजूरी, कांकेर में मोबाइल मेडिकल यूनिट रवाना

एनीकट निर्माण:छत्तीसगढ़ शासन के जल संसाधन विभाग ने जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा विकासखण्ड अंतर्गत कंजीनाल में तागा एनीकट निर्माण कार्य को मंजूरी दी है। इस योजना के लिए 3 करोड़ 30 लाख 23 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है। एनीकट बनने से निस्तारी और भू-जल स्तर बढ़ाने में मदद मिलेगी। साथ ही किसानों को करीब 120 हेक्टेयर क्षेत्र में खरीफ फसलों की सिंचाई की सुविधा मिलेगी। इस योजना के निर्माण कार्य के लिए मुख्य अभियंता, हसदेव कछार जल संसाधन विभाग, बिलासपुर को प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है।

वहीं कांकेर जिले में विशेष पिछड़ी कमार जनजाति को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने के लिए मोबाइल मेडिकल यूनिट की शुरुआत की गई है। कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने पीएम-जनमन योजना के तहत नरहरपुर विकासखण्ड में इस चलित चिकित्सा वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस मोबाइल मेडिकल यूनिट में डॉक्टर, लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स और कम्पाउंडर की टीम मौजूद रहेगी। वाहन में खून जांच, दवाइयों और अन्य जरूरी स्वास्थ्य जांच की पूरी सुविधा उपलब्ध है। यह यूनिट कमार जनजाति की बस्तियों में जाकर लोगों का इलाज करेगी।

‘पीएम जनमन’ योजना का उद्देश्य विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों को पक्का मकान, स्वच्छ पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। इस पहल से दूरदराज के आदिवासी इलाकों में रहने वाले लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

Check Also

Raipur News: केनाल लिंकिंग रोड पर बनेगा 49.52 करोड़ का ओवरब्रिज, अमलीडीह से द्रोणाचार्य स्कूल तक जाम से मिलेगी राहत

Raipur Local News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से बड़ी खबर आ रही है. अब रायपुर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *