CG News: 3000 रुपए में बिक रहा था 12वीं का हिंदी पेपर, पुलिस ने मास्टरमाइंड वेणु जंघेल को किया गिरफ्तार

CG News: रायपुर पुलिस को छत्तीसगढ़ बोर्ड की 12वीं हिंदी परीक्षा पेपर लीक मामले में बड़ी सफलता मिली है. इस मामले के मुख्य आरोपी वेणु उर्फ वेणु जंघेल को रायपुर क्राइम ब्रांच और कोतवाली थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बिलासपुर से गिरफ्तार किया है.

12वीं कक्षा के हिंदी पेपर हुआ था लीक
बता दें कि 12वीं हिंदी विषय का प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसके बाद शिक्षा मंडल और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली थाना में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया था.

पुलिस उपायुक्त मध्य जोन के निर्देशन में विशेष जांच टीम बनाई गई थी, जिसने तकनीकी और साइबर जांच के जरिए पूरे नेटवर्क को खंगालना शुरू किया. शुरुआती जांच में ही यह संकेत मिले थे कि पेपर लीक संगठित तरीके से किया गया और इसमें कई लोग शामिल हो सकते हैं. घटना के बाद छात्रों और अभिभावकों में भी भारी नाराजगी देखने को मिली थी.

तीन हजार रुपये में बेचता था पेपर
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह तीन हजार रुपये लेकर प्रश्नपत्र उपलब्ध कराता था. जांच के दौरान पुलिस ने 50 से अधिक छात्रों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की. इसी दौरान वेणु उर्फ वेणु जंघेल का नाम सामने आया. वह बेमेतरा जिले के ग्राम बरसरा का रहने वाला है और वर्तमान में रायपुर के गोकुल नगर क्षेत्र में रह रहा था.

सबूत मिटाने की कोशिश
पुलिस के अनुसार, मामला दर्ज होने के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए मोबाइल डेटा और अन्य डिजिटल साक्ष्य मिटाने का प्रयास कर रहा था. उसकी गिरफ्तारी पर पांच हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था.

तकनीकी निगरानी से मिली सफलता
तकनीकी निगरानी और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने वेणु जंघेल को बिलासपुर से गिरफ्तार किया. पुलिस अब इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है. कोतवाली थाना में अज्ञात आरोपितों के खिलाफ पहले ही अपराध दर्ज किया गया था.

Check Also

CG News: केंद्रीय जेल में 10 दिनों के भीतर तीसरी मौत, सुरक्षा, स्वास्थ्य और निगरानी व्यवस्था पर उठे सवाल

जगदलपुर। बस्तर जिले का जगदलपुर केंद्रीय जेल एक बार फिर गंभीर सवालों के घेरे में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *