छत्तीसगढ़ में बोर्ड परीक्षा मूल्यांकन की लापरवाही पर बड़ा एक्शन, तीन जिलों के 17 व्याख्याताओं की वेतनवृद्धि रोकी गई

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हाईस्कूल और हायर सेकंडरी परीक्षा वर्ष 2024 एवं 2025 की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य में गंभीर लापरवाही बरतने वाले व्याख्याताओं पर लोक शिक्षण संचालनालय ने सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। संचालनालय द्वारा जारी आदेश के तहत प्रदेशभर के दोषी मूल्यांकनकर्ताओं की आगामी एक वार्षिक वेतनवृद्धि असंचयी प्रभाव से रोक दी गई है।

तीन जिलों के 17 व्याख्याताओं पर कार्रवाई
इस कार्रवाई की जद में अविभाजित राजनांदगांव जिले यानी वर्तमान राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के कुल 17 व्याख्याता शामिल हैं। संचालनालय ने संबंधित जिला शिक्षा अधिकारियों को इस शास्ति आदेश की प्रविष्टि व्याख्याताओं की सेवा पुस्तिका में दर्ज कर 15 दिनों के भीतर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

मूल्यांकन में लापरवाही पड़ी भारी
आदेश के अनुसार, मूल्यांकन कार्य और अंकों की प्रविष्टि जैसे अति-संवेदनशील शासकीय कार्य में की गई त्रुटियों से परीक्षार्थियों के परीक्षा परिणाम प्रभावित हुए हैं, जिसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के तहत गंभीर कदाचार माना गया है। कार्रवाई के तहत राजनांदगांव जिले के तीन व्याख्याताओं पर गाज गिरी है। जिनमें शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिल्हारी की व्याख्याता श्रीमती भारती सिंह ठाकुर, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय साल्हे के व्याख्याता शिरीष श्रीवास्तव तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पटेवा की व्याख्याता कुमारी प्रीति सोनी शामिल हैं।

केसीजी जिले में 5 पर कार्रवाई
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के भी पांच व्याख्याताओं के खिलाफ यह दंडात्मक आदेश जारी किया गया है। इस सूची में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दपका के व्याख्याता मोहनलाल खरे, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रामपुर छुईखदान के गन्नुराम उर्वशा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गाड़ाघाट खैरागढ़ के चुनेन्द्र कुमार कोकिला, शासकीय आरएमएसए उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लिमतरा की अनामिका तिवारी तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कंचारी के व्याख्याता मसीह शामिल हैं।

Check Also

छत्तीसगढ़ में 13 नए सरकारी कॉलेज खुले, लेकिन 2394 शिक्षक पद अब भी खाली; बिना प्राध्यापकों के कैसे होगी पढ़ाई?

Tank Ram Verma on Higher Education: छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा विभाग कितनी तरक्की में है …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *