Breaking News

रायगढ़ में नशीले इंजेक्शन के साथ युवक गिरफ्तार: ओडिशा से लाकर बिक्री की तैयारी, 98 प्रतिबंधित इंजेक्शन जब्त

रायगढ़ जिले में नशीले इंजेक्शनों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ओडिशा से प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन लाकर रायगढ़ में बेचने की तैयारी कर रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से 98 नग प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद किए हैं।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस को सूचना मिली थी कि मरीन ड्राइव स्थित रोजगार कार्यालय के पास एक युवक बड़ी मात्रा में नशीले इंजेक्शन लेकर बिक्री के उद्देश्य से बैठा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पंजरी प्लांट मरीन ड्राइव इलाके में घेराबंदी कर कार्रवाई की।

पुलिस को देखते ही संदिग्ध युवक भागने लगा, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मनीष डंडरिया (22) निवासी किरोड़ीमल नगर, आजाद चौक रायगढ़ बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से प्लास्टिक थैले में रखे 98 नग NRX Pentazocine Lactate Injection I.P. (Zoxifix) बरामद किए गए।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह इंजेक्शनों को बिक्री के लिए लेकर आया था। इसके बाद पुलिस ने सभी प्रतिबंधित इंजेक्शन जब्त कर लिए। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।

बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी इंजेक्शन कहां से लाता था और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

नशा तस्करों पर कार्रवाई जारी रहेगी
रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। प्रतिबंधित नशीले पदार्थों और इंजेक्शनों की तस्करी करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि नशे से जुड़े किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Check Also

ITI पास युवाओं को मिली नौकरी : एल एंड टी ने चयनित अभ्यर्थियों को दिया आफर लैटर

कुरूद। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था कुरूद में शुक्रवार को छात्रों …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *