नितिन नवीन बने भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष, पीएम मोदी बोले- आज से वही मेरे बॉस

दिल्ली/रायपुर। भारतीय जनता पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया है। नितिन नवीन ने पार्टी अध्यक्ष के रूप में पदभार संभाल लिया है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी और दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है जो नियम और प्रक्रिया से चलती है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “आज से नितिन नवीन ही हमारे अध्यक्ष हैं।” प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि भाजपा में मेंबरशिप से ज्यादा रिश्तों की अहमियत है और पार्टी हमेशा सेवा को सर्वोपरि मानती है, सत्ता सिर्फ सेवा का माध्यम है।

प्रधानमंत्री ने बताया कि भाजपा अब नगर निगमों से लेकर स्थानीय निकायों तक लोगों की पहली पसंद बन रही है। महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनावों में भी भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल और तेलंगाना जैसे राज्यों में भी भाजपा एक मजबूत आवाज बन चुकी है।

पीएम मोदी ने मज़ाकिया अंदाज में कहा, “आज से नितिन नवीन मेरे बॉस हैं।” इसके जरिए उन्होंने पार्टी के सभी नेताओं को संदेश दिया कि नितिन नवीन अब पार्टी के मुखिया हैं और सभी को उनका सम्मान करना चाहिए।

उन्होंने नितिन नवीन की तारीफ करते हुए कहा कि वे युवा हैं, ऊर्जावान हैं और संगठन में लंबा अनुभव रखते हैं। वे उस पीढ़ी से हैं जिसने रेडियो का दौर भी देखा और आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल भी कर रही है। यह अनुभव पार्टी और कार्यकर्ताओं के लिए फायदेमंद होगा।

इस दौरान पीएम मोदी ने पूर्व भाजपा अध्यक्षों राजनाथ सिंह, अमित शाह और जेपी नड्डा के कार्यकाल को भी याद किया। उन्होंने कहा कि राजनाथ सिंह के समय भाजपा पहली बार पूर्ण बहुमत से केंद्र में आई, अमित शाह के नेतृत्व में दूसरी बार पूर्ण बहुमत मिला और जेपी नड्डा के दौर में पार्टी संसद से लेकर पंचायत तक मजबूत हुई।

प्रधानमंत्री ने कहा कि वे भले ही तीन बार देश के प्रधानमंत्री बने हों, लेकिन उनके लिए सबसे बड़ा गर्व भाजपा का एक साधारण कार्यकर्ता होना है। उन्होंने दोहराया कि पार्टी में पद से ज्यादा संगठन और कार्यकर्ता की भूमिका अहम होती है।

Check Also

PERIOD LEAVE DECISION: पीरियड लीव पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला

नई दिल्ली। देश में महिलाओं के लिए पीरियड लीव को लेकर चल रही बहस के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *