NEET UG 2026 परीक्षा रद्द होने के बाद राजस्थान की राजनीति गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाजपा सरकार पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य सरकार ने पेपर लीक मामले को जानबूझकर छिपाने की कोशिश की।
गहलोत ने कहा कि परीक्षा रद्द होना इस बात का सबूत है कि बड़े स्तर पर गड़बड़ी हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्थान सरकार ने करीब दो हफ्ते तक मामले को दबाए रखा और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया।
वहीं नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने दावा किया कि मामले में गिरफ्तार आरोपी दिनेश बिवांल भाजपा से जुड़ा हुआ है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या इसी वजह से सरकार ने कई दिनों तक एफआईआर दर्ज नहीं की।
जांच में सामने आया है कि पेपर लीक का नेटवर्क सात राज्यों तक फैला हुआ था। आरोप है कि पेपर महाराष्ट्र के नासिक से हरियाणा के गुरुग्राम पहुंचा और वहां से कई राज्यों में बेचा गया। राजस्थान में जयपुर के दो भाइयों पर पेपर खरीदकर आगे बेचने का आरोप लगा है।
गौरतलब है कि 3 मई को आयोजित हुई NEET-UG 2026 परीक्षा को पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द कर दिया गया है। मामले की जांच अब सीबीआई कर रही है। वहीं राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने कहा है कि परीक्षा की नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter