NEET का फर्जी पेपर बेचने वाला लॉ स्टूडेंट अक्षय मालवीय गिरफ्तार, इंस्टाग्राम से कई छात्रों को बनाया था शिकार

Indore Fake Neet Paper: इंदौर क्राइम ब्रांच की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने नीट परीक्षा का पेपर बेचने के नाम पर सोशल मीडिया के जरिए ठगी करने वाले एक प्रथम वर्ष के लॉ छात्र को गिरफ्तार किया है. आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है. बताया जा रहा है कि आरोपी के संबंध में कोटा पुलिस द्वारा भेजे गए मेल के बाद इंदौर पुलिस सक्रिय हुई और जांच शुरू की गई.

आरोपी लॉ का छात्र है
क्राइम ब्रांच से मिली जानकारी के अनुसार टीआई नीरज मेढ़ा की टीम ने अक्षय पुत्र महेंद्र मोहन मालवीय निवासी आंगन शक्कर खेड़ी, लसूड़िया को हिरासत में लिया है. अक्षय इंदौर के एक लॉ कॉलेज में प्रथम वर्ष का छात्र है. जांच में सामने आया है कि वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर नीट 2026 परीक्षा के प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने के नाम पर पोस्ट वायरल करता था.

इंस्टाग्राम के जरिए शिकार बनाता था
पुलिस के मुताबिक आरोपी परीक्षा से पहले इंस्टाग्राम पर आकर्षक पोस्ट डालकर छात्रों को अपनी ओर आकर्षित करता था. पोस्ट को लाइक या फॉलो करने के बाद छात्रों को उसके बायो में दिए गए लिंक तक पहुंचने के लिए प्रेरित किया जाता था. इस लिंक को खोलने के लिए पहले ऑनलाइन भुगतान करना पड़ता था. भुगतान प्राप्त होने के बाद ही कथित प्रश्नपत्र या अन्य सामग्री दिखाई जाती थी.

दो दिन पहले अकाउंट बंद किया
जांच में यह भी सामने आया है कि नीट परीक्षा रद्द होने की चर्चाओं के दौरान भी आरोपी ने इसी प्रकार की कई पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल की थीं. इसके चलते वह पहले से ही साइबर पुलिस की निगरानी में था. हाल ही में इंस्टाग्राम द्वारा उसका अकाउंट भी बंद कर दिया गया था, जिसके बाद पुलिस को उसके खिलाफ और अधिक सुराग मिले.

30-35 लोगों को आरोपी ने ठगा
पुलिस के अनुसार अक्षय ने करीब 30 से 35 लोगों से यूपीआई के माध्यम से भुगतान प्राप्त किया था. प्रारंभिक जांच में यह मामला सोशल मीडिया के जरिए ठगी और फर्जी जानकारी फैलाकर आर्थिक लाभ कमाने का प्रतीत हो रहा है. आरोपी कथित रूप से पुराने प्रश्नपत्रों और उपलब्ध सामग्री के आधार पर नए प्रश्नपत्र तैयार कर उन्हें असली बताकर बेचने का प्रयास करता था.

फिलहाल क्राइम ब्रांच आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस नेटवर्क में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं. पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है.

Check Also

‘मेरा वेयरहाउस खाली करा दो…’, संजय नगायच के बयान पर जीतू पटवारी का पलटवार, जानें क्या है मामला

Indore News: मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी की चार गोदामों में फायर सेफ्टी को …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *