Delhi gang-rape Case:: दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ कथित गैंगरेप का गंभीर मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, वारदात सोमवार शाम आस्था कुंज पार्क और मंदिर के आसपास के इलाके में हुई. मामले में एक आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
मीडिया रिपोर्ट की मानें तो नाबालिग लड़की अपने 17 साल के दोस्त के साथ शाम करीब 7 बजे कालकाजी मंदिर पहुंची थी. दर्शन करने के बाद दोनों करीब 7:30 बजे मंदिर के पास स्थित पार्क की तरफ चले गए. इसी दौरान 25 से 30 साल की उम्र के तीन युवक वहां पहुंचे. आरोप है कि उन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताया और दोनों नाबालिगों से पूछताछ करने लगे. इसके बाद उन्होंने दोनों को धमकाया.
पुलिस के अनुसार, आरोपियों में से एक ने किशोरी के दोस्त को पकड़ लिया. इसके बाद बाकी आरोपियों ने किशोरी के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया. घटना के बाद तीनों मौके से फरार हो गए. रात करीब 8:45 बजे पुलिस को पार्क से PCR कॉल मिली. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और किशोरी को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया
POCSO एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर POCSO एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की. आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. आरोपियों की पहचान व तलाश के लिए टीमें लगाई गई हैं.
जांच के दौरान पुलिस की एक आरोपी से मुठभेड़ हुई. इसमें आरोपी आसिफ के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है. फरार दो आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दे रही है.
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter