Seraikela Bus Accident: सुबह 4 बजे NH-33 पर बड़ा हादसा! कोलकाता से रांची जा रही शिवम बस पलटी, 3 की हालत गंभीर

सरायकेला। जिले के चौका थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-33 (NH-33) पर शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोलकाता से रांची जा रही शिवम बस झाबरी गांव के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 25 से 30 यात्री सवार थे। दुर्घटना में कई यात्रियों के घायल होने की सूचना है, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई गई है।

नींद में थे यात्री, अचानक पलट गई बस
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 4 बजे हुआ। उस समय ज्यादातर यात्री नींद में थे। अचानक बस तेज झटके के साथ अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद बस के अंदर चीख-पुकार मच गई।तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।

पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से यात्रियों को निकाला
हादसे की सूचना मिलते ही चौका थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से बस के अंदर फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

थाना प्रभारी के अनुसार, हादसे में गंभीर रूप से घायल तीन यात्रियों समेत अन्य घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार और आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई।

NH-33 पर कुछ देर प्रभावित रहा यातायात
दुर्घटना के बाद NH-33 पर कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर बस के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, लेकिन दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच के बाद स्पष्ट होगी।

Check Also

Gwalior Crime: थाने के सामने व्यापारी पर फायरिंग, पुरानी रंजिश में जानलेवा हमले का आरोप

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में बेखौफ बदमाशों ने पुलिस व्यवस्था को खुली चुनौती …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *