PM Kisan Samman Nidhi: UP में बड़ा फर्जीवाड़ा, 15345 दंपती गलत तरीके से ले रहे थे योजना का लाभ, नहीं मिलेगी अगली किस्त

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan Samman Nidhi Yojana) में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। जांच में पता चला है कि 15,345 दंपती योजना का लाभ एक साथ ले रहे थे। नियमों के अनुसार इस योजना का फायदा केवल पति या पत्नी में से किसी एक को मिलना चाहिए। इस खुलासे के बाद करीब 30,690 किसानों की अगली किस्त पर रोक लगा दी गई है।

जिले में 4.80 लाख से ज्यादा किसान पंजीकृत
बहराइच जिले में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 4.80 लाख से अधिक किसानों का पंजीकरण हुआ है। योजना के मुताबिक पात्र किसानों को हर चार महीने पर 2000 रुपए दिए जाते हैं, यानी साल भर में कुल 6000 रुपए की राशि उनके खाते में ट्रांसफर होती है।

जांच में सामने आया दंपतियों का डुप्लीकेट लाभ
कृषि विभाग की जांच में यह स्पष्ट हुआ कि जिले के हजारों दंपति पति और पत्नी दोनों के नाम से योजना का लाभ उठा रहे थे। यह योजना खास तौर पर छोटे और सीमांत किसानों को ध्यान में रखकर चलाई जा रही है, लेकिन एक परिवार से दो लोगों को एक साथ भुगतान मिलना नियमों के खिलाफ है।

शासन को भेजी गई रिपोर्ट, अगली किश्त पर रोक
जांच पूरी करने के बाद उप कृषि निदेशक ने रिपोर्ट शासन को भेज दी है। अधिकारियों ने साफ किया है कि अब दोनों में से केवल एक ही व्यक्ति को योजना का लाभ मिलेगा। फिलहाल शासन के दिशा-निर्देश का इंतजार किया जा रहा है। अगस्त में किसानों के खाते में राशि भेजी जा चुकी है, लेकिन जिन दंपतियों का नाम इस सूची में आया है, उनकी अगली किस्त रोक दी गई है। उप कृषि निदेशक विनय कुमार वर्मा ने बताया कि शासन की ओर से रोक लगाने का निर्णय लिया गया है और सर्वे का काम पूरा कर लिया गया है। जैसे ही निर्देश मिलेंगे, केवल पात्र व्यक्ति को ही योजना की अगली किस्त मिलेगी।

Check Also

टेस्ट मैच में सबसे कठिन दो जीत

यूँ तो क्रिकेट में जीत हार होते रही है और आगे भी होते रहेगी लेकिन …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *