Breaking News

सूरजपुर के एक बैंक खाते से 113 करोड़ का संदिग्ध लेनदेन, 21 राज्यों के 150 साइबर ठगी मामलों से जुड़ा नेटवर्क

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में एक बैंक खाते से 113 करोड़ 32 लाख रुपए से ज्यादा के संदिग्ध लेनदेन का खुलासा हुआ है। यह रकम देश के 21 राज्यों के 150 लोगों से जुड़ी साइबर ठगी की शिकायतों में दर्ज है।

पुलिस ने मामले में अमन पासवान और जिशान खान को गिरफ्तार किया है। पुलिस पहले ही मुख्य आरोपी देवनारायण चक्रधारी को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच में पता चला कि 23 से 29 अप्रैल 2025 के बीच इसी खाते में करीब 13 करोड़ रुपए की ठगी की रकम आई थी। इसके बदले आरोपियों को 13 लाख रुपए कमीशन मिला था। रकम निकालने के लिए चेक और एटीएम का इस्तेमाल किया गया।

कमीशन की रकम तीनों आरोपियों में बांटी गई। अब पुलिस ठगी की रकम के लेनदेन और इसमें शामिल दूसरे लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

जानिए क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) के समन्वय पोर्टल ज्वाइंट साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन टीम मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम (JCC-TMS) से पुलिस को संदिग्ध बैंक खातों की जानकारी मिली थी।

इसके बाद सूरजपुर पुलिस ने अलग-अलग बैंकों के संदिग्ध खातों की जानकारी जुटाकर जांच शुरू की। इसी दौरान सूरजपुर के भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की शाखा में खुले एक खाते से देशभर में साइबर ठगी की रकम के लेनदेन का पता चला। पुलिस ने खाते से जुड़े KYC दस्तावेज और बैंक डिटेल्स हासिल कर जांच की।

संस्था के नाम पर खुलवाया गया था बैंक खाता
पुलिस जांच में सामने आया कि देवनारायण चक्रधारी और महेश कुमार चक्रधारी ने मिलकर डीएन चक्रधारी एजुकेशन डेवलपमेंट एसोसिएशन नाम से संस्था का पंजीयन कराया था। इसी संस्था के नाम पर SBI की सूरजपुर शाखा में बैंक खाता खुलवाया गया था।

जांच में पता चला कि देश के 21 राज्यों के 150 बैंक खाताधारकों ने इस खाते से जुड़े साइबर फ्रॉड की शिकायत दर्ज कराई थी। इन शिकायतों के आधार पर खाते के जरिए 113 करोड़ 32 लाख 9 हजार 604 रुपए का लेनदेन होना पाया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सूरजपुर थाने में अपराध क्रमांक 107/26 के तहत BNS की धारा 317(4), 318(6), 61(2)(ए) और 3(5) में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।

13 करोड़ की ठगी की रकम के बदले मिला 13 लाख कमीशन
पुलिस की जांच में पता चला कि 23 से 29 अप्रैल 2025 के बीच देवनारायण चक्रधारी के SBI खाते में करीब 13 करोड़ रुपए की साइबर ठगी की रकम का लेनदेन हुआ था। इसके बदले आरोपियों को कुल 13 लाख रुपए कमीशन मिला था।

जांच में सामने आया कि कमीशन की रकम अलग-अलग लोगों में बांटी गई थी। इसमें देवनारायण चक्रधारी को 8 लाख रुपए, अमन पासवान को 2 लाख रुपए और जिशान खान को 2 लाख 50 हजार रुपए मिले थे।

कमीशन की रकम निकालने के लिए चेक और एटीएम का इस्तेमाल किया गया। पुलिस के मुताबिक, जिशान खान ने चेक और एटीएम से बैंक से रुपए निकाले थे। पूछताछ में आरोपियों ने कमीशन की रकम खर्च करना बताया है।

मुख्य आरोपी पहले गिरफ्तार, अब दो और पकड़े गए
इस मामले में पुलिस पहले ही देवनारायण चक्रधारी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कोर्ट में चालान पेश कर चुकी है। इसके बाद मामले में शामिल बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही थी।

सूरजपुर पुलिस की टीम आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना और तकनीकी सहायता के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में अमन पासवान (32) निवासी पंखाजूर, कांकेर और जिशान खान (30) निवासी नावापारा, सूरजपुर शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने जुर्म स्वीकार किया।

इसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

एक आरोपी फरार, पूरे नेटवर्क की जांच जारी
इस मामले में एक अन्य आरोपी अब भी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि साइबर ठगी की रकम किन-किन बैंक खातों में भेजी गई और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पुलिस अलग-अलग राज्यों में हुए लेनदेन और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद इस नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों के बारे में भी जानकारी मिलने की उम्मीद है।

Check Also

दुर्ग में दवा कारोबारी से 15 करोड़ की रंगदारी मांगने का मामला, वॉट्सऐप पर खुद को बिश्नोई गैंग का बताया

दुर्ग में दवा कारोबारी शशांक चोपड़ा से 15 करोड़ रुपए की फिरौती मांगने का मामला …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *