बीजापुर पौधरोपण विवाद पर प्रशासन का जवाब, 16.73 करोड़ की स्वीकृति में अब तक खर्च हुए सिर्फ 2.42 करोड़ रुपये

बीजापुर। जिले में VB-GRAMG योजना के तहत पौधारोपण, सामग्री खरीदी और भुगतान को लेकर उठ रहे सवालों पर जिला प्रशासन ने अपना पक्ष सामने रखा है। प्रशासन ने जारी स्पष्टीकरण में कहा है कि योजना को लेकर स्वीकृत राशि और अब तक हुए भुगतान के आंकड़ों में अंतर है। ₹16.73 करोड़ तीन वर्षों की कार्ययोजना के लिए स्वीकृत किए गए हैं, जबकि वास्तविक खर्च अब तक केवल ₹2.42 करोड़ हुआ है।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि पौधारोपण का काम तीन साल में चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाना है। इसलिए इसे एक वित्तीय वर्ष में पूरा करने की अपेक्षा सही नहीं है।

74 हजार से अधिक पौधे लगाने की योजना, अब तक 25,533 रोपित
प्रशासन के अनुसार, योजना के तहत कुल 74,295 पौधे लगाने की स्वीकृति मिली है। इसमें 50,295 मिश्रित फलदार पौधे और 24,000 लाइव फेंसिंग के पौधे शामिल हैं। अब तक 25,533 पौधों का रोपण किया जा चुका है। बाकी पौधे आगामी मानसून सत्रों में लगाए जाएंगे। पौधारोपण और सामग्री से जुड़े कार्यों के लिए क्लस्टर लेवल फेडरेशन (CLF) को क्रियान्वयन एजेंसी बनाया गया है। प्रशासन का कहना है कि जिला पंचायत या जनपद पंचायत स्तर पर पौधों अथवा अन्य सामग्री की खरीदी नहीं की गई है।

मजदूरों के खातों में पहुंचे ₹1.82 करोड़
भुगतान को लेकर प्रशासन ने बताया कि अब तक योजना के तहत कुल ₹2.42 करोड़ खर्च किए गए हैं। इसमें करीब ₹1.82 करोड़ मजदूरी के रूप में सीधे श्रमिकों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए भेजे गए हैं। यह भुगतान लगभग 60,986 मानव दिवस के सृजन के आधार पर किया गया है। वहीं सामग्री मद में करीब ₹59 लाख का भुगतान किया गया है। प्रशासन के मुताबिक, यह राशि लेखा अधिकारी के सत्यापन और ट्रेजरी से अनुमोदित बिलों के आधार पर जारी हुई है। इसमें GST भी शामिल है। सामग्री के भुगतान से पहले रोपित पौधों के जियो-टैग फोटो और संबंधित कार्यों का सत्यापन किया गया।

230 स्वीकृत कार्यों में से 195 प्रगतिरत
कार्य पूर्णता रिपोर्ट जारी किए जाने से जुड़े सवालों पर प्रशासन ने कहा कि पौधारोपण कार्यों की समय-सीमा तीन वर्ष निर्धारित है। ऐसे में फिलहाल कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र जारी करने का सवाल नहीं उठता। योजना के तहत कुल 230 कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 195 कार्य प्रगतिरत हैं, जबकि 35 कार्य अभी शुरू नहीं हुए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिन कार्यों की शुरुआत नहीं हुई है, उन पर अब तक कोई भुगतान भी नहीं किया गया है। बाकी काम निर्धारित अवधि में पूरे किए जाएंगे।

खरीदी और अधिकारियों-सप्लायर के गठजोड़ के आरोपों को नकारा
समिति, अधिकारियों और सप्लायर के बीच कथित मिलीभगत के आरोपों को प्रशासन ने निराधार बताया है। स्पष्टीकरण में कहा गया है कि जिला और जनपद पंचायत स्तर पर किसी तरह की खरीदी नहीं हुई। CLF की ओर से प्रस्तुत बिलों का नियमानुसार परीक्षण और सत्यापन करने के बाद ही भुगतान किया गया है। बिना GST बिल और निविदा प्रक्रिया के भुगतान किए जाने के आरोपों पर भी प्रशासन ने सफाई दी। उसके अनुसार, सामग्री मद में करीब ₹59 लाख का भुगतान वैध GST सहित सत्यापित बिलों और ट्रेजरी-अप्रूव्ड प्रक्रिया के तहत किया गया है।

प्रशासन ने दी जानकारी
प्रशासन ने बताया कि CLF द्वारा विकेंद्रीकृत स्तर पर की गई खरीदी के बिल ₹40 हजार से ₹50 हजार के बीच थे। उस समय लागू नियमों के अनुसार इतनी राशि की खरीदी के लिए जिला स्तर पर समाचार पत्रों में विज्ञापन देकर खुली निविदा बुलाना अनिवार्य नहीं था। इसके साथ ही दिसंबर 2025 में संशोधित छत्तीसगढ़ शासन भंडार क्रय नियम, 2002 के उप-नियम 4.3.1 का हवाला देते हुए बताया गया कि निर्धारित सीमा ₹50 हजार से बढ़ाकर ₹1 लाख की गई है।

FIR की मांग पर प्रशासन ने रखी अपनी दलील
अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग पर प्रशासन ने कहा कि योजना के कार्य अभी जारी हैं और इन्हें पूरा करने के लिए दो वर्ष से अधिक का समय शेष है। कुल स्वीकृत राशि में से अब तक केवल 14.46 प्रतिशत राशि खर्च हुई है। प्रशासन के मुताबिक, खर्च की गई राशि का बड़ा हिस्सा सीधे मजदूरों के बैंक खातों में पहुंचाया गया है। प्रशासन ने दावा किया कि उपलब्ध दस्तावेजों, सत्यापित बिलों और कार्यों की मौजूदा स्थिति के आधार पर फिलहाल कोई अनियमितता स्थापित नहीं होती। इसी आधार पर FIR दर्ज करने की मांग को अनुचित बताया गया है।

प्रशासन ने दोहराया- तीन साल में पूरे होंगे सभी कार्य
प्रशासन ने अपने स्पष्टीकरण में कहा है कि VB-GRAMG योजना के तहत बीजापुर में पौधारोपण और अन्य कार्य तय कार्ययोजना के मुताबिक चरणबद्ध ढंग से चल रहे हैं। सभी स्वीकृत कार्य निर्धारित तीन वर्षीय अवधि में पूरे किए जाने हैं। योजना को लेकर उठे सवालों पर प्रशासन ने आंकड़ों और प्रक्रिया के आधार पर अपना पक्ष स्पष्ट किया है।

Check Also

बीजापुर में पौधरोपण के नाम पर 16.73 करोड़ रुपये का मामला गरमाया, 74 हजार पौधों की खरीदी पर विधायक ने उठाए सवाल

बीजापुर। जिले में वीबी-जी राम जी योजना के तहत कराए गए पौधरोपण कार्य को लेकर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *