बालोद। जिले के जंगलों और आसपास के इलाकों में वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर चिंताजनक आंकड़े सामने आए हैं। जंगलों से निकलकर खेतों और रिहायशी क्षेत्रों तक पहुंचने वाले वन्यप्राणियों के सामने सड़क हादसों और खुले कुओं जैसे खतरे लगातार बने हुए हैं। वन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2023 से अक्टूबर 2026 तक जिले में कुल 63 वन्यप्राणियों की मौत दर्ज की गई। इनमें 51 की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई, जबकि 12 वन्यप्राणियों ने सड़क दुर्घटनाओं और अन्य हादसों में जान गंवाई। इन घटनाओं के बीच वन विभाग ने वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए कई स्तरों पर कार्ययोजना तैयार की है।
2025 में सबसे ज्यादा वन्यप्राणियों की प्राकृतिक मौत
वन विभाग के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, पिछले करीब चार वर्षों में जिले में 63 वन्यप्राणियों की मौत हुई है। इनमें 51 मौतें प्राकृतिक कारणों से दर्ज की गईं, जबकि 12 वन्यप्राणियों की जान दुर्घटनाओं में गई। इसी अवधि में विभाग ने 13 वन्यप्राणियों का सुरक्षित रेस्क्यू भी किया। इनमें तेंदुआ, भालू, चीतल, बंदर, पैंगोलिन और लकड़बग्घे जैसे वन्यजीव शामिल हैं। मौत के आंकड़ों में वर्ष 2025 सबसे चिंताजनक रहा। इस साल अकेले 28 वन्यप्राणियों की प्राकृतिक कारणों से मौत दर्ज की गई। वहीं, 21 नवंबर को अज्ञात वाहन की टक्कर से एक मादा मोर की मौत हो गई। इस घटना ने एक बार फिर वन क्षेत्रों से गुजरने वाली सड़कों पर वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
180 खुले कुओं की पहचान, 30 से ज्यादा को किया सुरक्षित
वन्यजीवों को दुर्घटनाओं से बचाने के लिए वन विभाग ने वन क्षेत्र से लगे गांवों में खुले कुओं को चिन्हित किया है। अब तक करीब 180 ऐसे कुओं की पहचान की गई है, जो वन्यप्राणियों के लिए खतरा बन सकते हैं। इनमें से 30 से अधिक कुओं को सुरक्षित करते हुए ढंक दिया गया है। विभाग की योजना आगामी कैलेंडर वर्ष में 70 और कुओं को ढंकने की है, ताकि पानी की तलाश में भटककर आने वाले वन्यजीव इनमें गिरने से बच सकें।
NH-30 और NH-930 पर वन्यजीवों की आवाजाही पर नजर
सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए राष्ट्रीय राजमार्गों पर भी सुरक्षा उपायों की तैयारी की जा रही है। एनएच-30 के प्रस्तावित चौड़ीकरण के दौरान वन्यजीवों के सुरक्षित आवागमन के लिए क्रॉसिंग प्वाइंट बनाने संभावित स्थलों की सूची एनएच डिवीजन को भेजी गई है। इसके अलावा एनएच-930 से लगे वन क्षेत्रों में कैमरा ट्रैप लगाए जाने की योजना है। इनके माध्यम से वन्यप्राणियों की आवाजाही वाले संवेदनशील स्थानों की पहचान की जाएगी, ताकि जरूरत के अनुसार सुरक्षा इंतजाम किए जा सकें।
खनन परियोजनाओं में भी बनेगी वन्यजीव संरक्षण योजना
वन विभाग खनन परियोजनाओं में वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर भी योजना तैयार कर रहा है। इसके साथ ही वन्यप्राणियों की गतिविधियों और संभावित खतरों पर नजर रखने के लिए भालू मित्र और हाथी मित्र दलों को सक्रिय किया जा रहा है। इन दलों को वन्यजीवों के घायल होने या उनकी मौत जैसी घटनाओं की तत्काल सूचना विभाग तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई है। घायल वन्यप्राणियों के उपचार के लिए भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) के मैत्री बाग और पशुधन विकास विभाग के पशु चिकित्सकों का सहयोग भी लिया जा रहा है।
संरक्षण के दावों के बीच जमीनी चुनौतियां बरकरार
बालोद जिले में वन्यप्राणियों की मौत के आंकड़े बताते हैं कि जंगलों के साथ-साथ वन क्षेत्र से लगे गांवों और सड़कों पर भी उनकी सुरक्षा बड़ी चुनौती बनी हुई है। खुले कुओं से लेकर तेज रफ्तार वाहनों और विकास परियोजनाओं तक, वन्यजीवों के लिए कई तरह के खतरे मौजूद हैं। वन विभाग ने इन चुनौतियों से निपटने के लिए कार्ययोजना बनाई है, लेकिन इसकी वास्तविक सफलता इन उपायों के प्रभावी क्रियान्वयन पर निर्भर करेगी।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter