बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के एडवोकेट जनरल कार्यालय के नाम से मिलती-जुलती पहचान वाली एक वेबसाइट पर, ऑनलाइन लॉटरी और सट्टे के विज्ञापन प्रदर्शित होने का मामला सामने आया है। वेबसाइट का नाम advocategeneralcg.com है। इसके मुख्य पेज पर ऑनलाइन जुआ और लॉटरी से जुड़े विज्ञापनों की भरमार दिखाई दे रही है।
एडवोकेट जनरल ने वेबसाइट को बताया फर्जी
मामले को गंभीरता से लेते हुए एडवोकेट जनरल विवेक शर्मा ने इसे फर्जी वेबसाइट बताया है और इसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की बात कही है। हरिभूमि ने जब इस advocategen-eralcg.com को खोला और जानकारी ली तो वेबसाइट खोलने पर JARI4D नाम से ऑनलाइन सट्टे और लॉटरी का प्रचार दिखाई देता है। इसमें ‘Togel Macau’ और ‘Toto Macau’ जैसी श्रेणियां प्रदर्शित की गई हैं।
साइबर सेल और एजेंसियों से होगी जांच
मामले में एडवोकेट जनरल विवेक शर्मा ने साफ किया है कि यह फर्जी वेबसाइट है और इस तरह की कोई साइट हाईकोर्ट एडवोकेट जनरल ऑफिस द्वारा नहीं बनाई गई है। उन्होंने इसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की बात कही है। ऐसे में अब जांच के जरिए यह पता लगाना महत्वपूर्ण होगा कि वेबसाइट किसने बनाई। इसका संचालन कहां से किया जा रहा है और एडवोकेट जनरल कार्यालय के नाम से मिलती-जुलती पहचान वाले डोमेन का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया गया। मामले में साइबर सेल और जांच एजेंसियों से जांच भी कराए जाने की बात कही जा रही है। इस बारे में साइबर सेल प्रभारी तिवारी का कहना है कि वेबसाइट के डोमेन पंजीकरण, सर्वर, संचालन और विज्ञापन नेटवर्क की तकनीकी जांच से इसके पीछे शामिल लोगों की पहचान की जा सकती है।
सट्टे में इस्तेमाल होने वाले नंबर
वेबसाइट पर 10 हजार रुपए का प्रचारात्मक संदेश भी नजर आ रहा है। इसके अलावा सट्टे में इस्तेमाल होने वाले नंबर, इनाम और अन्य प्रचार सामग्री भी दिखाई दे रही है। सबसे गंभीर पहलू यह है कि वेबसाइट के डोमेन नाम में ‘Advocate General CG’ शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। इससे आम लोगों को यह भ्रम हो रहा है कि वेबसाइट का संबंध छत्तीसगढ़ के एडवोकेट जनरल कार्यालय से है, जबकि इसके मुख्य पेज पर ऑनलाइन लॉटरी और सट्टे से जुड़ी सामग्री प्रदर्शित हो रही है।
वेबसाइट फर्जी, एफआईआर कराएंगे
हाईकोर्ट के एडवोकेट जनरल विवेक शर्मा ने कहा कि, यह पूरी तरह फर्जी वेबसाइट है और इस तरह की कोई साइट हाईकोर्ट एडवोकेट जनरल आफिस द्वारा नहीं बनाई गई है। इसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
वेबसाइट पर भर्ती प्रक्रिया की बात भी
इस फर्जी वेबसाइट पर नजर डालें तो मुख्य पेज पर स्वामी विवेकानंद की फोटो लगाई गई है और बकायदा भर्ती प्रक्रिया के विज्ञापन भी दिखाई दे रहे हैं। एक पेज पर एडवोकेट जनरल के नाम के साथ विवेक शर्मा की फोटो है जो दूसरे पेज पर एडवोकेट जनरल में प्रफुल्ल भारत की फोटो लगी है। बकायदा उनकी पूरी जीवनी इसमें बताई गई है। इसके साथ ही वेबसाइट को ओरिजनल बताने के लिए बकायदा आर्टिकल 165, 177 और दूसरे नियम कायदों की बात लिखी गई है।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter