Breaking News

3 दिन तक बंद कमरे से आती रही बदबू… दरवाजा खुला तो सामने था मां की हत्या का खौफनाक राज!

घाटशिला। झारखंड के घाटशिला थाना क्षेत्र के काशिदा न्यू कॉलोनी में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक बेटे ने मामूली बात पर अपनी मां की हत्या कर दी और शव को घर के एक कमरे में तीन दिनों तक बंद रखा। सोमवार की रात घर से तेज दुर्गंध आने के बाद पड़ोसियों को संदेह हुआ और मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपी बेटे गोवर्धन गोस्वामी को हिरासत में ले लिया है।

मृतका की पहचान 56 वर्षीय उमा गोस्वामी के रूप में हुई है। वह घाटशिला अनुमंडल अस्पताल में चतुर्थवर्गीय कर्मचारी थीं। वह अपने छोटे बेटे गोवर्धन के साथ काशिदा न्यू कॉलोनी स्थित घर में रहती थीं। उनका बड़ा बेटा गिरधारी गोस्वामी दुमका गांव में रहता है।

अस्पताल चलने को कहा तो भड़क गया बेटा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी गोवर्धन ने हत्या की बात स्वीकार की है। उसके मुताबिक शनिवार सुबह उसकी मां ने उसे अस्पताल चलने के लिए कहा था। इसी बात को लेकर वह गुस्सा हो गया और उसने घर में रखी लकड़ी की कुंदी से मां के सिर पर वार कर दिया। पुलिस के अनुसार, चोट लगने के बाद उमा गोस्वामी की मौत हो गई।

शव कमरे में बंद कर सामान्य तरीके से घूमता रहा आरोपी
वारदात के बाद आरोपी ने शव को घर के एक कमरे में बंद कर बाहर से कुंडी लगा दी। इसके बाद वह दूसरे कमरे में रहने लगा और सामान्य रूप से घर से बाहर आता-जाता रहा। बताया जा रहा है कि वह बाहर से खाना-पानी लेकर घर लौटता था, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को घटना की भनक तक नहीं लगी।

तीन दिन बाद दुर्गंध से खुला हत्या का राज
घटना के करीब तीन दिन बाद सोमवार रात कॉलोनी में तेज दुर्गंध फैलने लगी। पड़ोसियों को जब संदेह हुआ तो उन्होंने इसकी जानकारी मृतका की बेटी प्रमिला गोस्वामी को दी। प्रमिला मौके पर पहुंचीं और स्थिति संदिग्ध लगने पर तुरंत घाटशिला पुलिस को सूचना दी।

कमरे में मिला मां का शव
सूचना मिलने के बाद पुलिस स्थानीय मुखिया और ग्रामीणों की मौजूदगी में रात करीब 10:30 बजे घर पहुंची। घर के एक कमरे में बाहर से कुंडी लगी मिली। पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो अंदर उमा गोस्वामी का शव मिला। शव की हालत खराब हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

बेटी की शिकायत पर केस, हत्या में इस्तेमाल लकड़ी जब्त
मृतका की छोटी बेटी प्रमिला गोस्वामी के लिखित आवेदन पर घाटशिला थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने BNS की धारा 103(1) और 238(ए) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी गोवर्धन गोस्वामी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल लकड़ी की कुंदी भी जब्त कर ली है।

पोस्टमार्टम के लिए MGM भेजा गया शव
मंगलवार को घाटशिला महिला थाना प्रभारी मंजुश्री कुंकल अनुमंडल अस्पताल पहुंचीं और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कराई। घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के दामाद प्रेम कुमार और राहुल सिंह भी अस्पताल पहुंचे।

अस्पतालकर्मी बासुदेव सीट और समाजसेवी कालीराम शर्मा के सहयोग से शव को पोस्टमार्टम के लिए जमशेदपुर के MGM अस्पताल भेजा गया। करमा पूजा के कारण मंगलवार को पोस्टमार्टम नहीं हो सका। अब बुधवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ के आधार पर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।

Check Also

‘सत्ता आपके पास, लेकिन सड़कें हमारी…’ CJP आंदोलन से पहले अभिजीत दीपके की सरकार को चेतावनी, बेंगलुरु में आज प्रदर्शन

Abhijit Dipke Protest Warning: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) एक बार फिर बड़े आंदोलन की तैयारी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *