CG Crime: महिला के जेवर लेकर भागे आरोपी, रास्ता पूछकर बातों में उलझाया, फिर वारदात को दिया अंजाम

बिलासपुर। शातिर ठगों ने एक बुजुर्ग महिला को बातों में फंसाकर करीब दो लाख रुपये के सोने के जेवर ठग लिए। आरोपियों ने पहले बस स्टैंड का रास्ता पूछने के बहाने बातचीत शुरू की, फिर सुरक्षा का डर दिखाकर जेवर सुरक्षित रखने का झांसा दिया और कागज की पोटली थमाकर मौके से फरार हो गए। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नेहरू चौक के पास की है।

जानकारी के अनुसार सिंधी कॉलोनी निवासी विद्या मोटवानी सब्जी खरीदने के लिए बृहस्पति बाजार जा रही थी। इसी दौरान नेहरू चौक के पास ऑटो में सवार दो युवकों ने उनसे बस स्टैंड का रास्ता पूछा। बातचीत के दौरान कुछ ही देर में एक अन्य युवक भी वहां पहुंच गया। तीनों ने मिलकर महिला को अपनी बातों में उलझाया और ऑटों में बैठाया।

आरोपियों ने महिला को यह कहकर डराया कि खुले में सोने के जेवर पहनकर चलना सुरक्षित नहीं है। चोरी या लूट की घटना हो सकती है। इसके बाद उन्होंने जेवर कपड़े में बांधकर सुरक्षित रखने की सलाह दी। महिला उनके झांसे में आ गई और अपने सोने के जेवर उन्हें दे दिए। आरोपियों ने जेवर को कपड़े में बांधने का नाटक किया। थोड़ी दूर जाने के बाद ठगों ने जेवर की जगह कागज की एक पोटली महिला को थमा दी और उसे ऑटो से उतारकर फरार हो गए।

पुलिस की अपील – अनजात लोगों की बातों में न आएं
कुछ देर बाद जब महिला ने पोटली खोली तो उसमें जेवर नहीं थे। इसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ। पीड़िता ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान लोगों की बातों में न आएं और इस तरह के झांसे से सतर्क रहें।

Check Also

Bilaspur: स्वतंत्रता दिवस से पहले GRP और RPF ने रेलवे स्टेशन पर चलाया चेकिंग अभियान, कई धारदार हथियार किए बरामद

Bilaspur: स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले बिलासपुर पुलिस ने रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में सुरक्षा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *