Chhattisgarh School News: 12 नवंबर को ड्राइवरों की देशव्यापी हड़ताल, रायपुर के कई निजी स्कूलों में भी रहेगी छुट्टी

रायपुर। प्रदेशभर के निजी विद्यालय दीपावली अवकाश के बाद भी बंद रहेंगे। ऐसा वाहन चालकों की हड़ताल के कारण किया जा रहा है। निजी स्कूलों द्वारा इस संदर्भ में आधिकारिक रूप से अधिसूचना जारी नहीं की गई है, लेकिन अभिभावकों को संदेश भेज दिए गए हैं। शासकीय व निजी दोनों ही विद्यालयों मे दीपावली अवकाश 11 नवंबर तक घोषित है। इसके अगले दिन अर्थात 12 नवंबर को वाहन चालकों की हड़ताल के कारण निजी स्कूल बसों का संचालन नहीं हो सकेगा। 12 नवंबर को ना केवल छत्तीसगढ़ बल्कि देशभर के वाहन चालक हड़ताल पर रहेंगे।

12 नवंबर को निजी स्कूलों की बसों के पहिए भी थमेंगे
अखिल भारतीय ड्राइवर जॉइंट कमेटी के आह्वान पर 12 नवंबर 2026 को पूरे देश में ‘स्टेरिंग छोड़ो अभियान’ का ऐलान किया गया है। कमेटी के अनुसार, ड्राइवर समाज की लंबे समय से लंबित समस्याओं, सुरक्षा और अधिकारों की मांगें पूरी न होने के कारण वे एक दिवसीय हड़ताल कर रहे हैं। सभी तरह के वाहन विशेषकर बस व ट्रक के ड्राइवर इस हड़ताल में शामिल होंगे। इस कारण निजी विद्यालयों की बसें कल नहीं चलेंगी।

राजधानी में 926 स्कूल एक हजार बसें
प्रदेश के शासकीय विद्यालय कल से प्रारंभ हो जाएंगे। राजधानी में 926 निजी विद्यालय हैं। यहां करीब एक हजार बसों का संचालन होता है। छोटे निजी विद्यालयों में बसें संचालित नहीं होती हैं। मध्यम स्तर के विद्यालय सामान्यतः एक या दो बसें ही संचालित करते हैं। दूसरी ओर, बड़े विद्यालय दर्जनभर से अधिक बसें अपने छात्रों के लिए शहर के विभिन्न हिस्सों से संचालित करते हैं। निजी स्कूल संघ के अनुसार, राजधानी में एक हजार तथा प्रदेश में करीब 8 हजार निजी स्कूल बस संचालित हैं। छोटे निजी स्कूल जो बस संचालित नहीं करते हैं, वे अपने विद्यालय प्रारंभ रखेंगे, जबकि मध्यम व बड़े स्तर के विद्यालय 12 नवंबर को छुट्टी देने की तैयारी में हैं।

Check Also

बीजापुर में पौधरोपण के नाम पर 16.73 करोड़ रुपये का मामला गरमाया, 74 हजार पौधों की खरीदी पर विधायक ने उठाए सवाल

बीजापुर। जिले में वीबी-जी राम जी योजना के तहत कराए गए पौधरोपण कार्य को लेकर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *