Surguja: पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा में दरार, विधायक रामकुमार टोप्पो ने जांच के दिए निर्देश, ठेकेदार पर लटकी तलवार

Surguja: सरगुजा जिले के सीतापुर नगर के आहारा तालाब स्थित अटल परिसर में हाल ही में स्थापित भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. प्रतिमा स्थापित होने के कुछ ही समय बाद उसमें दरारें दिखाई देने लगी हैं और सतह से पपड़ी निकलने की शिकायतें सामने आई हैं. इससे करोड़ों नहीं तो लाखों रुपये के सरकारी निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं.

पूर्व प्रधानमंत्री स्व अटल बिहारी बाजपेयी की प्रतिमा में दरार
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिस प्रतिमा के निर्माण के लिए शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप राशि स्वीकृत की गई थी, उसमें घटिया सामग्री और लापरवाही का इस्तेमाल किया गया. प्रतिमा की मौजूदा स्थिति देखकर लोगों में नाराजगी है और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई है.

विधायक रामकुमार टोप्पो ने जांच के दिए निर्देश
मामला सामने आने के बाद सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं. विधायक ने साफ कहा है कि यदि जांच में निर्माण कार्य में गुणवत्ता की कमी या अनियमितता की पुष्टि होती है तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उसे ब्लैकलिस्ट किया जाएगा.

विधायक रामकुमार टोप्पो ने दो टूक कहा कि विधानसभा क्षेत्र में किसी भी विकास कार्य में गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. जनता के टैक्स के पैसे से होने वाले निर्माण कार्य तय मानकों के अनुसार ही होने चाहिए. दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति, एजेंसी या ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन और पारदर्शिता के संकल्प के अनुरूप विकास कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि जनता को गुणवत्तापूर्ण और टिकाऊ निर्माण कार्य मिल सके.

Check Also

Congress Protest In Chandigarh: पंजाब सरकार के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल, CM आवास की ओर बढ़े नेताओं पर वाटर कैनन

पंजाब में बिगड़ती कानून-व्यवस्था, बढ़ते गैंगस्टर कल्चर, नशे के प्रकोप, और सरकारी कर्मचारियों के बकाया …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *