Breaking News

रायपुर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई… वाजपेयी, अग्रवाल, बरलोटा, शाह, कुकरेजा जी की प्रापर्टी सील

रायपुर. रायपुर नगर पालिक निगम के राजस्व विभाग ने बकाया राशि की वसूली के लिए सभी जोनों में अभियान तेज कर दिया है. आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर उपायुक्त राजस्व डॉ. अंजलि शर्मा और सभी जोन कमिश्नरों की निगरानी में सहायक राजस्व अधिकारियों की टीमें लगातार बकायादारों से राजस्व वसूली कर रही हैं. लंबे समय से बकाया राशि जमा नहीं करने वालों की संपत्तियों को सीलबंद करने की कार्रवाई भी की जा रही है. कई मामलों में सीलिंग की कार्रवाई शुरू होते ही बकायादारों ने मौके पर ही पूरी या आंशिक राशि जमा कर दी.

नगर निगम जोन-6 के राजस्व विभाग ने वार्ड-65 क्षेत्र में अभियान चलाकर बकाया राशि जमा नहीं करने वाले बकायादारों की संपत्तियों पर कार्रवाई की. सीलिंग कार्रवाई के दौरान दो बकायादारों ने क्रमश: 55,404 और 39,410 रुपए की पूरी बकाया राशि मौके पर ही जमा कर दी.

जोन-7 के पंडित ईश्वरी चरण शुक्ल वार्ड क्रमांक-22 में संगीता शाह, विशाल शाह और विशेष शाह पर वर्ष 2024-25 से 1,24,245 रुपए बकाया होने पर संबंधित संपत्ति सीलबंद कर दी गई. इसी वार्ड में सुनील शाह पर 55,292 रुपए का बकाया होने पर संपत्ति सीलबंद की गई.

सरिता वाजपेयी और अनिता कुकरेजा की प्रापर्टी सील
जोन-10 के विद्याचरण शुक्ल वार्ड क्रमांक-50 में सरिता वाजपेयी पर 3,20,316 रुपए और अनिता कुकरेजा पर 44,196 रुपए का बकाया था. राशि जमा नहीं करने पर दोनों संबंधित संपत्तियों को सीलबंद किया गया.

जोन-8 में भी राजस्व वसूली अभियान के दौरान कई कार्रवाई की गई. वार्ड क्रमांक-2 में बजरंग लाल अग्रवाल और अनिता अग्रवाल ने सीलिंग कार्रवाई के दौरान 1,31,822 रुपए का भुगतान कर दिया. वहीं तापसी डे और गोपाल प्रसाद डे के मामले में 52,934 रुपए के बकाये में से 30,198 रुपए का आंशिक भुगतान किया गया.

वार्ड-20 में शुभम के मार्ट परिसर का पुनर्मूल्यांकन किया गया, जिसके बाद उपयोगकर्ता शुल्क में नियमानुसार 2.04 लाख रुपए की वृद्धि की गई. वार्ड-70 में अरिहंत उद्योग के परिसर का पुनर्मूल्यांकन कर 4,03,872 रुपए उपयोगकर्ता शुल्क बढ़ाया गया. वार्ड-69 में कृष्णकांत रामावतार तिवारी की संपत्ति पर सीलिंग कार्रवाई के दौरान उन्होंने 3,55,316 रुपए की पूरी बकाया राशि आरटीजीएस के माध्यम से तत्काल जमा कर दी.

जोन-9 की टीम ने बकाया राशि जमा नहीं करने पर एक बकायादार का बल्क नल कनेक्शन विच्छेद कर दिया. कार्रवाई के बाद बकायादार ने मौके पर ही 3,38,608 रुपए की पूरी बकाया राशि जमा कर दी.

इसके अलावा 6,18,000 रुपए के बड़े बकायादार अमरपाल सिंह की संबंधित संपत्ति पर सीलिंग की कार्रवाई की गई. जोन-4 के स्वामी विवेकानंद सदर बाजार वार्ड क्रमांक-44 स्थित रामदेव मार्केट में प्रमोद कुमार राव ने सीलिंग कार्रवाई के दौरान 1,88,180 रुपए की पूरी बकाया राशि तत्काल जमा कर दी.

इसी वार्ड में पद्मादेवी एवं अन्य पर वर्ष 2021 से 5,28,176 रुपए का बकाया होने पर संबंधित संपत्ति सीलबंद की गई. जोन-4 के वार्ड क्रमांक-44 में ही वर्ष 2019-20 से 5,04,762 रुपए का बकाया जमा नहीं करने वाले एक अन्य बकायादार के खिलाफ भी सीलिंग कार्रवाई की गई.

कई बड़े बकायादारों ने तत्काल जमा कराया टैक्स
जोन-7 के स्वामी आत्मानंद वार्ड क्रमांक-38 स्थित चौबे कॉलोनी में वर्ष 2020-21 से 11,82,544 रुपए के बड़े बकायादार भिलाई स्टील एंड रिसर्च सेंटर की संबंधित संपत्ति को भी बकाया राशि जमा नहीं करने पर सीलबंद किया गया. वहीं वार्ड क्रमांक-22 में पाल गुड्स ट्रांसपोर्ट, आमानाका के बकायादार ने सीलिंग कार्रवाई होते ही 1,23,011 रुपए की पूरी बकाया राशि मौके पर जमा कर दी.

जोन-4 के वार्ड क्रमांक-44 में वर्ष 2020-21 से 2026-27 तक 69,158 रुपए का बकाया जमा नहीं करने पर शांति लाल बरलोटा की संपत्ति सीलबंद की गई. वहीं जोन-5 की कार्रवाई के दौरान एक बड़े बकायादार ने संपत्ति सीलबंद होते ही 6,14,909 रुपए की पूरी बकाया राशि मौके पर जमा कर दी.

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार राजस्व वसूली अभियान सभी जोनों में लगातार जारी रहेगा. बकाया राशि जमा नहीं करने वाले बकायादारों के खिलाफ नियमानुसार सीलिंग, नल कनेक्शन विच्छेदन और अन्य कार्रवाई की जाएगी.

Check Also

Bilaspur: चंदा मांगने घर में घुसी चोर, महिला को बेहोश किया, फिर मंगलसूत्र-पायल लेकर हुई फरार

Bilaspur: बिलासपुर में चंदा मांगने के नाम पर घर में घुसकर चोरी करने का मामला …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *