Breaking News

सावधान! ठेले पर गुपचुप खाना पड़ा भारी, एक साथ 25 लोग हुए फूड पॉइजनिंग का शिकार, सभी अस्पताल में भर्ती

CG News: अगर आपको भी सड़क किनारे चाट-गुपचुप खाने में मजा आता है, तो सावधान हो जाइए. इससे आपकी सेहत खराब हो सकती है. वहीं छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले से ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां ठेले पर गुपचुप खाने के बाद करीब 25 लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई. उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत के बाद सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया है.

गुपचुप खाने के बाद बिगड़ी तबियत
जानकारी के मुताबिक मामला सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के रेड़ा गांव का है. यहां गांव में लगे एक ठेले पर लोगों ने गुपचुप खाया था. गुपचुप खाने के कुछ घंटे बाद कई लोगों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत शुरू हो गई. देखते ही देखते लोगों की हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजनों ने तुरंत मरीजों को अस्पताल पहुंचाया. बताया जा रहा है कि प्रभावित लोगों में महिलाओं की संख्या ज्यादा है, जबकि तीन बच्चे भी बीमार हुए हैं.

सभी का इलाज जारी
इसके बाद मरीजों की हालत खराब होने पर उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों की निगरानी में सभी का इलाज जारी है. कुछ मरीजों को बेहतर इलाज के लिए रायगढ़ के अस्पताल भी भेजा गया है. अस्पताल प्रशासन के मुताबिक समय रहते इलाज मिलने से मरीजों की स्थिति अब पहले से बेहतर बताई जा रही है.

फूड पॉइजनिंग की जताई आशंका
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि सभी लोगों ने एक ही ठेले से गुपचुप खाया था. इसके बाद फूड पॉयजनिंग की आशंका जताई जा रही है. जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने बताया कि मरीजों में फूड पॉयजनिंग जैसे लक्षण पाए गए हैं और फिलहाल सभी की हालत स्थिर है. स्वास्थ्य विभाग की टीम मामले की जांच में जुट गई है. बताया जा रहा है कि गुपचुप और पानी के सैंपल जांच के लिए भेजे जा सकते हैं.

Check Also

आरंग नगर पालिका की बैठक में बस स्टैंड मुद्दे पर हंगामा: पक्ष-विपक्ष ने अध्यक्ष को घेरा, 10 दिन का अल्टीमेटम

आरंग नगर पालिका परिषद की सामान्य सभा की बैठक बस स्टैंड निर्माण के मुद्दे पर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *