Breaking News

फेसबुक पर हुई दोस्ती, फिर राजस्थान से नरसिंहपुर बुलाकर कर दी हत्या, हाथ-पैर बांधकर खाई में फेंका, जानें क्या है मामला

रायसेन: मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के भोपाल-जबलपुर नेशनल हाईवे-45 स्थित नागिन मोड़ सिरवारा ब्रिज के नीचे बोरे में मिले अज्ञात शव की गुत्थी को बाड़ी पुलिस ने आखिरकार सुलझा लिया है. इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने मृतक की कथित गर्लफ्रेंड समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. हत्या प्रेम प्रसंग और रंजिश के चलते की गई थी. आरोपियों ने युवक की बेसबॉल बैट से हत्या कर शव को बोरे में भरकर पुल के नीचे फेंक दिया था.

क्या है पूरा मामला?
पुलिस के मुताबिक 7 मई 2026 को वन विभाग के फॉरेस्ट गार्ड ने सूचना दी थी कि नागिन मोड़ सिरवारा ब्रिज के नीचे एक अज्ञात शव पड़ा है. सूचना मिलते ही थाना बाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची. जांच में सामने आया कि शव करीब 6-7 दिन पुराना था, हाथ-पैर बंधे हुए थे और मुंह पर टेप लगा हुआ था. शव अत्यधिक सड़ी-गली अवस्था में था, जिससे पहचान कर पाना बेहद मुश्किल हो रहा था.

नोटबुक ने सुलझायी हत्या की गुत्थी
घटनास्थल पर पुलिस को केवल एक थैला मिला, जिसमें मृतक के जूते, कंघा सहित कुछ सामान रखा था. थैले पर साईंखेड़ा की एक दुकान का नाम लिखा था. इसी दौरान पुलिस को एक बच्चे की होमवर्क नोटबुक भी मिली, जिसने पूरे मामले की दिशा बदल दी.

पुलिस ने नोटबुक और थैले के आधार पर साईंखेड़ा क्षेत्र में जांच शुरू की. स्थानीय लोगों से पूछताछ और स्कूल टीचर से जानकारी जुटाने पर संबंधित परिवार तक पुलिस पहुंची. जांच के दौरान पता चला कि परिवार पिछले कई दिनों से घर बंद कर गायब है. इसके बाद पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और लगातार दबिश दी. आखिरकार पुलिस टीम ने उज्जैन से पूरे परिवार को घेराबंदी कर हिरासत में लिया. शुरुआत में आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन मनोवैज्ञानिक पूछताछ में पूरा राज खुल गया.

फेसबुक से हुई दोस्ती, फिर बना हत्या का प्लान
पूछताछ में आरोपी रीना किरार ने बताया कि उसका पति उसे छोड़ चुका था. पहले उसका प्रेम संबंध अरुण पटेल से था, लेकिन कुछ समय पहले उसकी फेसबुक के जरिए राजस्थान निवासी वीरू जाट से दोस्ती हो गई थी. वीरू का उसके घर आना-जाना शुरू हो गया था. इसी बात को लेकर अरुण पटेल वीरू से रंजिश रखने लगा. चूंकि अरुण ही रीना के घर का खर्च उठाता था, इसलिए उसने रीना के साथ मिलकर वीरू को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली.

29 अप्रैल 2026 को रीना ने वीरू को राजस्थान से साईंखेड़ा स्थित घर बुलाया. जैसे ही वीरू घर पहुंचा, वहां पहले से मौजूद आरोपियों ने बेसबॉल बैट से हमला कर उसकी हत्या कर दी. हत्या के बाद शव को बोरी में भरकर XUV 700 की डिक्की में रखा और नागिन मोड़ सिरवारा ब्रिज के नीचे फेंक दिया. वारदात के बाद आरोपी पुलिस से बचने के लिए बाड़ी से इटारसी, मुंबई, इंदौर और उज्जैन तक लगातार ठिकाने बदलते रहे, लेकिन आखिरकार पुलिस ने उन्हें दबोच लिया.

Check Also

Gwalior News: कलेक्टर रुचिका चौहान का बड़ा एक्शन, एक साथ 19 पटवारी सस्पेंड! फार्मर रजिस्ट्री से CM हेल्पलाइन तक लापरवाही पर गिरी गाज

Gwalior Patwari Suspended: मध्यप्रदेश के ग्वालियर से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है. …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *