नाना के हत्यारे 2 नातियों को उम्रकैद : पुश्तैनी जमीन और मकान के विवाद मे की थी बेरहमी से हत्या

रायगढ़। रिश्तों को शर्मसार कर देने वाले रायगढ़ जिले के बहुचर्चित हत्याकांड में न्यायालय ने सख्त फैसला सुनाया है। पुश्तैनी मकान और जमीन के विवाद ने ऐसा खूनी मोड़ लिया कि, दो नातियों ने अपने ही नाना की बेरहमी से हत्या कर दी। अब जिला न्यायालय ने दोनों दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाकर न्याय की मुहर लगा दी है।

सन 2022 का है पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सोण्डका का है। वर्ष 2022 में हुई इस वारदात में 62 वर्षीय गेंदलाल उनसेना की उनके ही नाती ओमप्रकाश डनसेना और कार्तिक डनसेना ने हत्या कर दी थी।

दरवाजा तोड़कर नाना पर किया जानलेवा हमला
पुलिस के अनुसार, परिवार में लंबे समय से पुश्तैनी मकान और जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। 26 दिसंबर 2022 को पारिवारिक बैठक के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों आरोपियों ने अपने नाना पर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए गेंदलाल कमरे में छिप गए, लेकिन आरोपियों ने गैस सिलेंडर से दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया और कुल्हाड़ी, फावड़े व डंडे से हमला कर उनकी जान ले ली।

हथियारों समेत जुटाए गए अहम सबूत
घटना की जानकारी मिलते ही खरसिया पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एक आरोपी को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरे आरोपी को अगले दिन पकड़ा गया। जांच के दौरान आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से हत्या में इस्तेमाल हथियार, गैस सिलेंडर और वारदात के समय पहने गए कपड़े बरामद किए गए।

अदालत ने दोनों दोषियों को सुनाई उम्रकैद की सजा
मामले में पुलिस ने मजबूत साक्ष्य न्यायालय के सामने पेश किए। सुनवाई के बाद जिला न्यायालय रायगढ़ ने दोनों आरोपियों को हत्या, घर में घुसकर हमला करने और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के अपराध में दोषी पाया। अदालत ने दोनों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।

Check Also

CG News: राशन में लापरवाही पर CM साय सख्त! शिकायत मिलते ही कलेक्टर को फोन, पात्र परिवारों को तत्काल राशन देने के निर्देश

CG News: छत्तीसगढ़ में राशन वितरण में लापरवाही पर सीएम विष्‍णु देव साय ने सख्‍त …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *