Breaking News

छत्तीसगढ़ जवान मर्डर केस में NIA की बड़ी कार्रवाई, 5 नक्सलियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल

CG News: नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में भारतीय सेना के जवान की हत्या के मामले में बड़ी कार्रवाई की है. एजेंसी ने शुक्रवार को भाकपा (माओवादी) संगठन से जुड़े पांच कार्यकर्ताओं/कैडरों के खिलाफ विशेष NIA अदालत, जगदलपुर में चार्जशीट दाखिल की है. आरोपियों में भवन लाल जैन, सुरेश सलाम, शैलेन्द्र बघेल, अंदराम सलाम और सोनू हेमला शामिल हैं. फरवरी 2023 में आमाबेड़ा क्षेत्र के उसेली मेले में जवान मोतीराम अचाला की हत्या हुई थी. अब इस मामले में बड़ा एक्शन लिया है.

5 नक्सलियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल
इस मामले ने फरवरी 2023 में पूरे क्षेत्र को हिला दिया था, जब नक्सली कैडरों ने आमाबेड़ा क्षेत्र के उसेली गांव मेले में छुट्टी पर आए जवान मोतीराम अचाला की गोली मारकर हत्या कर दी थी. NIA ने अपनी चार्जशीट में जिन आरोपियों के नाम शामिल किए हैं, उनमें भवन लाल जैन, सुरेश कुमार सलाम, शैलेन्द्र कुमार बघेल, अंदराम सलाम और सोनू हेमला के नाम हैं. जांच में सामने आया है कि इनमें से चार आरोपी सक्रिय ओवर ग्राउंड वर्कर्स (OGWs) के रूप में काम कर रहे थे, जबकि सोनू हेमला कुयेमारी एरिया कमेटी, उत्तर बस्तर डिवीजन का सशस्त्र कैडर था. इन सभी ने एक वरिष्ठ माओवादी नेता के साथ मिलकर साजिश रची और मोतीराम अचाला को स्थानीय बाजार में पहचान कर हत्या कर दी.

टारगेटेड किलिंग नहीं थी
NIA की जांच में स्पष्ट हुआ कि यह घटना केवल एक टारगेटेड किलिंग नहीं थी, बल्कि इलाके में दहशत फैलाने की सुनियोजित साजिश का हिस्सा थी. इस वारदात का मकसद स्थानीय लोगों और सुरक्षाबलों में भय पैदा करना था. हत्या के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था.

इस मामले को शुरू में स्थानीय पुलिस देख रही थी, लेकिन फरवरी 2024 में इसे NIA ने अपने हाथ में लिया. इसके बाद एजेंसी ने सघन जांच शुरू की और मार्च 2025 में सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. NIA ने जून 2025 में इस मामले से जुड़े एक अन्य आरोपी आशु कोरसा के खिलाफ भी चार्जशीट दायर की थी. चार्जशीट में आरोपियों पर भारतीय दंड संहिता (IPC), शस्त्र अधिनियम और गैरकानूनी गतिविधियां (निवारण) अधिनियम (UAPA) की गंभीर धाराओं के तहत आरोप तय किए गए हैं.

एजेंसी का कहना है कि इनके खिलाफ मिले सबूत पर्याप्त हैं और अदालत में इन्हें कड़ी सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा. NIA ने यह भी स्पष्ट किया है कि मामले की आगे की जांच अभी जारी है. संभावना है कि इस साजिश में और भी माओवादी नेता और कार्यकर्ता शामिल हों, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है.

Check Also

Rakhi 2026: रक्षाबंधन पर धान, धनिया के फल से सजेंगी भाई की कलाईयां, मुंगेली में बने अनोखी राखी की हो रही चर्चा

Paddy Coriander Seeds Rakhi Innovation: राखी का त्योहार नजदीक आते ही बाजारों में तरह-तरह की …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *