Breaking News

छत्तीसगढ़ कांग्रेस में बघेल-यादव गुट की सोशल मीडिया जंग तेज, मनीष बंछोर को ट्रोल कर रहे देवेंद्र समर्थक

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में अंदरूनी खींचतान एक बार फिर राजनीतिक चर्चा का विषय बन गई है। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिवों की नई सूची में भिलाई विधायक देवेंद्र यादव का नाम शामिल नहीं होने के बाद भूपेश बघेल के पूर्व ओएसडी ने शोसल मीडिया पर टिप्पणी की। अब उसके जवाब में देवेंद्र यादव गुट के लोग बघेल के पूर्व ओएसडी को ट्रोल करने लगे हैं।

मनीष बंछोर ने लिखा- बाप- बाप होता है
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पूर्व ओएसडी मनीष बंछोर ने कांग्रेस के नए राष्ट्रीय सचिवों की सूची सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा, ‘बाप तो बाप रहेगा, जिस डाल पर बैठे उसी को काटोगे तो गिरना तय है… इति सिद्धम।’ बंछोर ने पोस्ट में किसी नेता का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया, लेकिन सूची के साथ लिखी गई इस टिप्पणी को राजनीतिक गलियारों में देवेंद्र यादव से जोड़कर देखा जाने लगा।

देवेंद्र समर्थक मनीष बंछोर को कर रहे ट्रोल
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पूर्व ओएसडी मनीष बंछोर की बाप वाली टिप्पणी को लेकर देवेंद्र यादव के समर्थकों में नाराजगी काफी नाराजगी काफी जा रही है। देवेंद्र यादव के समर्थक सोशल मिडिया पर पोस्ट कर मनीष बंछोर को आड़े हाथ ले रहे हैं। वहीं उनके भाई धर्मेंद्र यादव ने भी फेसबुक पर पोस्ट कर लिखा कि, भाई कि, ऊर्जा छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनाने के काम आएगी।

भूपेश बघेल बोले- किससे खराब है भाई मेरा…
इस पूरे घटनाक्रम के बीच पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस महासचिव भूपेश बघेल से जब देवेंद्र यादव के साथ उनके मौजूदा संबंधों को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने चुटीले अंदाज में जवाब दिया, ‘किससे खराब है भाई मेरा…।’ भूपेश का यह जवाब इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि एक समय देवेंद्र यादव को उनका बेहद करीबी माना जाता था। हालांकि, पिछले कुछ समय से दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक दूरी की अटकलें लगती रही हैं। युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव के दौरान भी दोनों खेमों के बीच मुकाबले की चर्चा रही थी। उस समय भूपेश समर्थित खेमे से सत्येंद्र चेलक और देवेंद्र यादव के खेमे से शैलेंद्र बंजारे प्रदेश अध्यक्ष पद के दावेदार थे।

मनीष बंछोर की पोस्ट को भूपेश ने बताया निजी विचार
पूर्व ओएसडी की पोस्ट को लेकर पूछे गए सवाल पर भूपेश बघेल ने कहा कि उन्होंने ऐसी कोई बात न तो देखी है और न ही सुनी है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि मनीष बंछोर ने ऐसा कुछ लिखा है तो वह उनके व्यक्तिगत विचार हो सकते हैं, इसे पार्टी का विचार नहीं माना जाना चाहिए।

संतोष पांडेय का तंज- अब मुगली घुट्टी 555 पिलाने की जरूरत
कांग्रेस के इस घटनाक्रम पर भाजपा सांसद और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता संतोष पांडेय ने भी निशाना साधा। भूपेश बघेल और देवेंद्र यादव के बीच कथित खींचतान को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की स्थिति से पूरा प्रदेश परिचित है। संतोष पांडेय ने तंज कसते हुए कहा कि अब वास्तव में कांग्रेस को ‘मुगली घुट्टी 555’ पिलाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में खिलाने-पिलाने का काम चलता रहता है। इससे पहले भी उन्होंने वीडियो जारी कर कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति पर कटाक्ष किया था। उनके बयान में ‘द्वेष, क्लेश, कलह और गुटबाजी’ का जिक्र भी प्रमुखता से रहा।

डिप्टी सीएम अरुण साव बोले- एक-दूसरे से लड़कर ही समाप्त हो रही कांग्रेस
इस विवाद पर डिप्टी सीएम अरुण साव ने भी कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में इस तरह की नूराकुश्ती चलती रहती है। पांच साल तक प्रदेश की जनता ने कांग्रेस नेताओं की आपसी लड़ाई को भुगता है। साव ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता एक-दूसरे से लड़कर ही पार्टी को समाप्त कर रहे हैं।

Check Also

महाराष्ट्र के सोलापुर में छत्तीसगढ़ के 40 मजदूर बंधक जैसे हालात में मिले, 18 घंटे तक काम कराने का आरोप; प्रशासन ने कराया रेस्क्यू

रायपुर। महाराष्ट्र के सोलापुर में बंधक जैसी परिस्थितियों में काम कर रहे छत्तीसगढ़ के 40 …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *