आरंग नगर पालिका की बैठक में बस स्टैंड मुद्दे पर हंगामा: पक्ष-विपक्ष ने अध्यक्ष को घेरा, 10 दिन का अल्टीमेटम

आरंग नगर पालिका परिषद की सामान्य सभा की बैठक बस स्टैंड निर्माण के मुद्दे पर भारी हंगामे की भेंट चढ़ गई। विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के विशेष अभियान पर चर्चा के लिए बुलाई गई बैठक में सत्तापक्ष और विपक्ष के पार्षदों ने एकजुट होकर नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन से जवाब मांगा। बैठक के दौरान भाजपा, कांग्रेस और शिवसेना के पार्षदों ने बस स्टैंड परियोजना में हो रही देरी को लेकर नाराजगी जताई।

अपनों के विरोध से घिरे अध्यक्ष
बैठक में अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन को विपक्ष के साथ-साथ अपनी ही पार्टी के पार्षदों के विरोध का सामना करना पड़ा। लंबे समय से कार्यप्रणाली को लेकर असंतोष जता रहे भाजपा पार्षदों ने भी अध्यक्ष पर सवाल उठाए। बैठक के दौरान भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े आरोपों पर भी चर्चा हुई। हालांकि अध्यक्ष ने बार-बार बैठक की गरिमा बनाए रखने और निर्धारित विषयों पर चर्चा करने की अपील की, लेकिन पार्षदों का विरोध जारी रहा।

बस स्टैंड परियोजना बना विवाद की वजह
करीब 6.69 करोड़ रुपये की लागत वाले बस स्टैंड कायाकल्प प्रोजेक्ट को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। पूर्व में बस स्टैंड को बैहार क्षेत्र में स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया था, लेकिन जिस भूमि का चयन किया गया वह सरकारी रिकॉर्ड में सामुदायिक चरागाह भूमि दर्ज है। भूमि उपयोग परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका। दो वर्षों से लंबित इस परियोजना के कारण स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।

कांग्रेस की चेतावनी, 10 दिन का समय
बैठक में कांग्रेस पार्षदों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य शुरू हुए बिना ही ठेकेदार को भुगतान किया गया है। नेता प्रतिपक्ष शरद गुप्ता ने कहा कि यदि अगले 10 दिनों के भीतर बस स्टैंड निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी और नगर पालिका का घेराव किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से तत्काल समाधान निकालने की मांग की। वहीं, लगातार बढ़ते राजनीतिक दबाव और जन असंतोष के बीच नगर पालिका प्रशासन के सामने अब परियोजना को जल्द शुरू करने की चुनौती खड़ी हो गई है।

Check Also

Ganesh Chaturthi 2026: छत्तीसगढ़ का रहस्यमयी ‘भूमिफोड़’ गणेश मंदिर! 100 साल से बढ़ रही प्रतिमा, जमीन में छिपा है कितना हिस्सा?

Chhattisgarh Bhumi Phod Ganesh Temple: रायपुर-बिलासपुर समेत पूरे प्रदेश में गणेश चतुर्थी का त्योहार बड़े …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *