Paytm Payment Bank का लाइसेंस रद्द, बैंकिंग सेवाएं बंद! आपका पैसा मिलेगा या डूब जाएगा? जानिए हर सवाल का जवाब

How to Withdraw Money From Paytm: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने बड़ा फैसला लेते हुए Paytm Payments Bank Limited का बैंकिंग लाइसेंस रद्द कर दिया है. आरबीआई के इस फैसले के बाद 24 अप्रैल से बैंक की सभी बैंकिंग सेवाएं पूरी तरह बंद हो गई हैं. हालांकि राहत की बात यह है कि Paytm का UPI ऐप पहले की तरह चलता रहेगा और यूजर्स डिजिटल पेमेंट कर सकेंगे.

RBI ने अपनी जांच में पाया कि बैंक की कार्यप्रणाली में गंभीर खामियां पाई गई थीं. नियामक ने कहा कि बैंकिंग सिस्टम सुरक्षित नहीं था. इसके कारण आने वाले समय में ग्राहकों के हितों को खतरा हो सकता था. यही वजह है कि इसे बंद करने का फैसला लिया गया है.

लाइसेंस रद्द करने की मुख्य वजहें
आरबीआई की तरफ लाइसेंस रद्द करने के पीछे के कई कारण भी बताए हैं. इनमें बैंकिंग नियमों और शर्तों का सही पालन नहीं होना पाया गया है. इसके साथ ही जांच में पाया गया कि मैनेजमेंट और संचालन पर भरोसे की कमी है. यही वजह है कि ग्राहकों की सुरक्षा को लेकर चिंता को देखते हुए फैसला लिया गया है. इससे पहले आरबीई ने सुधार करने का मौका भी दिया था, निगरानी के बावजूद सुधार नहीं होना इस कठोर एक्शन की वजह माना जा रहा है.

पहले भी आरबीआई ले चुका एक्शन
RBI की तरफ से ये फैसला अचानक नहीं लिया गया है. इससे पहले भी Paytm Payments Bank पर कई प्रतिबंध लगा चुका था. साल 2022 में नए ग्राहक जोड़ने पर रोक लगाई गई थी. इसके बाद 2024 में खाते में नई रकम जमा करने पर भी पाबंदी लगाई गई थी.

ग्राहकों का पैसा सुरक्षित है या नहीं?
RBI ने साफ कहा है कि Paytm Payments Bank Limited के पास इतनी नकदी मौजूद है कि वह अपने सभी ग्राहकों की जमा रकम लौटा सके. यानी जमाकर्ताओं का पैसा डूबने की संभावना नहीं है. मतलब अगर आपका पैसा भी पेटीएम बैंक में है तो आपको चिंता की कोई जरूरत नहीं है. आपको आपका पूरा पैसा दिया जाएगा.

अब बैंक बंद होने की प्रक्रिया के तहत ग्राहकों को उनकी जमा राशि वापस की जाएगी. रकम लौटाने का तरीका और प्रक्रिया कंपनी जल्द साझा कर सकती है.

आरबीआई के फैसलों का क्‍या होगा असर?
लाइसेंस रद्द होने के बाद Paytm Payments Bank अब बैंक की तरह काम नहीं कर सकेगा. इसका साफ मतलब है कि पेटीएम अब किसी भी तरह के नए खाते नहीं खोल सकेगा. इसके साथ ही जमा या निकासी जैसी बैंकिंग सेवाएं बंद होंगी. नए ट्रांजैक्शन प्रोसेस नहीं होंगे.बैंकिंग प्रोडक्ट्स जारी नहीं किए जाएंगे.

क्या अब Paytm ऐप बंद हो जाएगा?
आरबीआई के फैसले के बाद आपके साथ ही लगभग हर किसी के मन में एक ही सवाल है कि क्या आने वाले दिनों में पेटीएम ऐप भी बंद हो जाएगा. तो इसका जवाब है कि नहीं. One97 Communications ने कहा है कि Paytm और Paytm Payments Bank Limited अलग-अलग संस्थाएं हैं. RBI का फैसला बैंक पर लागू हुआ है, Paytm ऐप पर नहीं.इसलिए UPI पेमेंट, QR स्कैन और अन्य डिजिटल सेवाएं पहले की तरह जारी रह सकती हैं.

आसान भाषा में कहा जाए तो Paytm ऐप मोबाइल पेमेंट, रिचार्ज, बिल पेमेंट, UPI जैसी सेवाएं देता है. जबकि Paytm Payments Bank: बैंकिंग सेवाएं देता था, जैसे सेविंग अकाउंट, वॉलेट, फास्टैग और जमा रकम जैसे काम किया करता था.

Check Also

AAP का बड़ा एक्शन—7 बागी सांसदों की सदस्यता खत्म कराने की तैयारी, राज्यसभा सचिवालय में आज याचिका

आम आदमी पार्टी(AAP) ने भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए अपने 7 राज्यसभा सांसदों के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *