Dhamtari Crime: मकान में पुलिस की दबिश, 15 लोग पकड़े गए; 2 नाबालिग भी शामिल, महिला दलाल फरार

धमतरी : शहर से लगे श्यामतराई गांव में पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर एक मकान में दबिश देकर 15 लोगों को पकड़ा है। इनमें 9 युवक और 6 युवतियां शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए लोगों में दो नाबालिग भी बताए जा रहे हैं। मामले में एक महिला दलाल और उसका सहयोगी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है।

मामला अर्जुनी थाना क्षेत्र के श्यामतराई गांव का है। पुलिस को पिछले कुछ समय से इलाके में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिल रही थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और संबंधित मकान पर निगरानी रखी। इसके बाद देर रात टीम ने वहां दबिश दी।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 15 लोगों को पकड़ा और सभी को थाने लाया गया। पुलिस अब पकड़े गए लोगों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।

दूसरे शहरों से युवतियों को बुलाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, मकान में दूसरे शहरों से युवतियों को बुलाकर देह व्यापार कराया जा रहा था। ग्रामीणों का कहना है कि मकान पर लंबे समय से बाहरी लोगों की आवाजाही बनी हुई थी। इसी वजह से स्थानीय लोगों को गतिविधियों पर संदेह था और पहले भी शिकायतें किए जाने की बात सामने आई है।

महिला दलाल और सहयोगी मौके से फरार
पुलिस की कार्रवाई के दौरान कथित तौर पर देह व्यापार से जुड़ी एक महिला दलाल और उसका सहयोगी मौके से निकलने में कामयाब रहे। दोनों की तलाश के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है। महिला के खिलाफ पहले भी शिकायतें होने की बात कही जा रही है, हालांकि पुलिस ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।

नाबालिगों की मौजूदगी से मामला और गंभीर
पुलिस कार्रवाई में दो नाबालिगों के भी पकड़े जाने की जानकारी सामने आई है। उनकी उम्र और भूमिका की पुलिस जांच कर रही है। नाबालिगों से जुड़े मामलों में कानूनी प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों की शिकायत के बाद पुलिस की कार्रवाई
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, मकान में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों को लेकर लोगों में नाराजगी थी। उनका दावा है कि धमतरी के अलावा अन्य इलाकों से भी युवक और युवतियों का यहां आना-जाना होता था। ग्रामीणों ने इस संबंध में पुलिस और प्रशासन से शिकायत करने की बात कही है।फिलहाल पुलिस पकड़े गए बालिग आरोपियों के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं में कार्रवाई कर रही है। साथ ही फरार महिला और उसके सहयोगी की तलाश के साथ पूरे मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी जांची जा रही है।

Check Also

CG Job Fair 2026: छत्तीसगढ़ के 10 हजार युवाओं के लिए नौकरी का बड़ा मौका, 7-8 अक्टूबर को लगेगा रोजगार मेला

रायपुर. रोजगार की तलाश कर रहे छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए बड़ा अवसर सामने आया …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *