खमतराई में अवैध डीजल का बड़ा खेल पकड़ा! 7 ड्रमों में मिला 1,400 लीटर डीजल, आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नॉर्थ जोन पुलिस ने डीजल के अवैध परिवहन का मामला पकड़ा है। खमतराई थाना पुलिस ने 7 ड्रमों में भरा करीब 1,400 लीटर डीजल जब्त किया है। इस मामले में परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे टाटा इंट्रा वाहन समेत करीब 6.40 लाख रुपये का मशरूका जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के निर्देशन और एसीपी उरला पूर्णिमा लामा के मार्गदर्शन में थाना खमतराई पुलिस क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी और कार्रवाई कर रही है। पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर 2026 को टाउन भ्रमण के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि भनपुरी की ओर से खमतराई की तरफ आने वाले एक मेटाडोर वाहन में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थ डीजल लाया जा रहा है। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के बाद थाना खमतराई पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बताए गए वाहन की घेराबंदी कर चेकिंग की।

7 ड्रमों में मिला 1,400 लीटर डीजल
चेकिंग के दौरान टाटा इंट्रा वाहन क्रमांक CG04UN/7617 के पीछे 7 बड़े लोहे के ड्रम रखे मिले। पुलिस के मुताबिक, जांच करने पर प्रत्येक ड्रम में करीब 200-200 लीटर डीजल भरा पाया गया। इस तरह कुल करीब 1,400 लीटर डीजल बरामद हुआ।

पूछताछ में वाहन चालक ने अपना नाम विजेन्द्र सिंह यादव (50), पिता शिव लगन सिंह यादव, निवासी नोनीयारीचक, पोस्ट दौलतपुर, थाना भगवानगंज, जिला पटना, बिहार, हाल निवासी उमेश साव का ढाबा, ग्राम भेमता, थाना तिल्दा, जिला रायपुर बताया।

दस्तावेज नहीं मिलने पर आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, डीजल के परिवहन और कब्जे के संबंध में आरोपी द्वारा वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। इसके बाद मौके पर कार्रवाई करते हुए 7 ड्रमों में भरा करीब 1,400 लीटर डीजल और टाटा इंट्रा वाहन जब्त किया गया। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 6 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ खमतराई थाना में धारा 287 बीएनएस एवं धारा 3, 7 ईसी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया है। प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है।

Check Also

Aaj Ka Rashifal 22 November 2026: रविवार को इन राशियों की चमक सकती है किस्मत, करियर और धन के मामले में मिलेंगे अच्छे संकेत

Aaj Ka Rashifal 22 November 2026: आज 22 नवंबर 2026, रविवार का दिन कई राशियों …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *