MP News: मऊगंज में तेज रफ्तार स्कूल ऑटो पलटा, 10 बच्चे घायल; परिजनों ने चक्काजाम कर स्कूल प्रबंधन पर की कार्रवाई की मांग

MP News: मऊगंज के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोरमा नदी के पास बुधवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया. महावीरन पब्लिक स्कूल का ओवरलोडेड स्कूल ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें सवार 35 बच्चों में से 10 बच्चे घायल हो गए. हादसा इतना भीषण था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों ने दौड़कर बच्चों को बाहर निकाला और अपनी निजी गाड़ियों से अस्पताल पहुँचाया.

क्षमता से कई गुना अधिक बैठाए बच्चे
मिली जानकारी के अनुसार, स्कूल ऑटो में क्षमता से कई गुना अधिक 35 बच्चे बैठाए गए थे. इतना ही नहीं, ऑटो में बच्चों के साथ अंडों की खेप भी भरी थी, जिससे वाहन और असंतुलित हो गया. परिजनों ने आरोप लगाया कि ऑटो चालक नशे में था, जिसके कारण वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया.

हादसे में 10 बच्चे घायल
घटना के बाद सभी घायल बच्चों को हनुमना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ से दो बच्चों को गंभीर हालत के चलते रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया. अन्य घायलों का उपचार जारी है.

परिजनों का फूटा गुस्सा
हादसे की खबर फैलते ही परिजन मौके पर पहुँच गए और स्कूल प्रबंधन व चालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए घंटों तक चक्काजाम किया. पुलिस और प्रशासन की टीम ने समझाइश देकर जाम खुलवाया. परिजनों का कहना है कि स्कूल ऑटो हमेशा ओवरलोडेड चलता है, बच्चे असुरक्षित स्थिति में यात्रा करते हैं, शिकायत के बाद भी स्कूल प्रबंधन कार्रवाई नहीं करता और हादसे के बाद भी स्कूल प्रबंधक मौके पर नहीं पहुँचे.

स्कूल प्रबंधन पर गंभीर सवाल
हादसे के बाद लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला. स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि समय रहते वाहन व्यवस्था सुधारी जाती, तो आज यह बड़ा हादसा नहीं होता. परिजनों ने जिला प्रशासन से स्कूल प्रबंधक पर कठोर कार्रवाई, दोषी चालक की गिरफ्तारी, ओवरलोडेड स्कूल वाहनों पर सख्त रोक और स्कूल वाहनों की नियमित चेकिंग जैसी मांगें उठाई हैं.

जांच में जुटी पुलिस
शाहपुर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में वाहन के ओवरलोड होने और लापरवाही की पुष्टि हुई है. पुलिस का कहना है कि कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है.

Check Also

51 दिन की भूख हड़ताल के बाद पटना में बड़ा हल्लाबोल! 5 हजार नल-जल कर्मी CM आवास कूच पर अड़े, पुलिस ने रोका

पटना। ​बिहार के विभिन्न जिलों से पहुंचे लगभग पांच हजार नल-जल अनुरक्षकों (पंप ऑपरेटर और …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *