तिहरे हत्याकांड के कैदी का आतंक : जेल के भीतर पॉक्सो एक्ट के बंदी को पत्थर से कुचलकर उतारा मौत के घाट

बिलासपुर : केंद्रीय जेल में मंगलवार को एक बंदी की हत्या से हड़कंप मच गया. पाक्सो एक्ट के मामले में विचाराधीन बंदी के रूप में जेल में निरुद्ध नीलू जगत पर एक कैदी ने पत्थर से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल नीलू को तत्काल सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने के बाद सिविल लाइन पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

बैरक में हुआ हमला
जानकारी के अनुसार, कोटा क्षेत्र के दवनपुर निवासी नीलू जगत वर्ष 2024 से पाक्सो एक्ट के एक मामले में जेल में बंद था. उसे जेल की ई-1 बैरक में रखा गया था. मंगलवार सुबह करीब नौ बजे बैरक में कुछ बंदी और कैदी लूडो खेल रहे थे, जबकि नीलू पास में आराम कर रहा था. इसी दौरान तिहरे हत्याकांड में सजा काट रहा कैदी राजेश राय वहां पहुंचा और अचानक पत्थर से नीलू के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया.

बीच-बचाव के बाद पहुंचाया अस्पताल
हमला इतना तेज था कि अन्य बंदी कुछ समझ पाते, उससे पहले ही नीलू गंभीर रूप से घायल हो चुका था. बैरक में मौजूद लोगों ने किसी तरह राजेश को रोका और घटना की जानकारी जेल अधिकारियों को दी. इसके बाद जेल प्रशासन ने घायल नीलू को तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया, लेकिन दोपहर करीब 12 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

दोनों का चल रहा था इलाज
जेल अधीक्षक खोमेश मंडावी के अनुसार, राजेश राय लंबे समय से मानसिक बीमारी से पीड़ित है और उसका उपचार जेल में चल रहा था. वहीं नीलू को मिर्गी की शिकायत थी, जिसके चलते उसका भी नियमित इलाज किया जा रहा था. दोनों सहित कुछ अन्य बंदियों को चिकित्सकीय निगरानी में रखने के लिए एक ही बैरक में रखा गया था, जहां उन्हें समय-समय पर दवाएं दी जाती थीं.

सजा माफी आवेदन खारिज होने के बाद था परेशान
प्राथमिक जानकारी में यह भी सामने आया है कि राजेश राय और उसके पिता हत्या के एक मामले में सजा काट रहे हैं. राजेश के एक भाई को पहले सजा में राहत मिल चुकी है. वहीं राजेश ने भी सजा माफी के लिए आवेदन किया था, जिसे हाल ही में राज्य सरकार ने खारिज कर दिया था. बताया जा रहा है कि इसके बाद से वह मानसिक रूप से परेशान था. फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि उसने नीलू को ही निशाना क्यों बनाया.

Check Also

राजनांदगांव का हाल, शहर को गुलजार करने करोड़ों रुपए खर्च कर बनाए गए 45 उद्यान हो गए उजाड़…

राजनांदगांव। शहर वासियों को बेहतर उद्यान की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए भले ही नगर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *