Breaking News

Bilaspur News: शराब के नशे में स्कूल पहुंचा शिक्षक, PM मोदी पर की अमर्यादित टिप्पणी; निलंबन के निर्देश

बिलासपुर. शराब के नशे में स्कूल पहुंचने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने वाले शिक्षक के खिलाफ शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. मामला कोटा विकासखंड के अनुदान प्राप्त विद्यामंदिर प्राथमिक शाला, बेहरामुड़ा में पदस्थ सहायक शिक्षक चतरपाल सिंह राज से जुड़ा है. जिला शिक्षा अधिकारी संदीप पाण्डेय ने विद्यालय प्रबंध समिति को शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए हैं.

डीईओ के आदेश के अनुसार 3 अक्टूबर को विद्यालयीन समय के दौरान सहायक शिक्षक शराब के नशे में विद्यालय परिसर पहुंचे थे. इस दौरान उनके द्वारा अभद्र एवं अमर्यादित आचरण किए जाने की शिकायत सामने आई. शासकीय हाईस्कूल बेहरामुड़ा के प्राचार्य और संकुल शैक्षणिक समन्वयक की जांच रिपोर्ट के साथ सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो का भी संज्ञान लिया गया. विभाग के अनुसार वीडियो में शिक्षक कैमरे के सामने अनुशासनहीनता करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करते नजर आए.

शिक्षक पद की गरिमा के विपरीत आचरण
जिला शिक्षा अधिकारी ने आदेश में कहा है कि शिक्षक का उक्त आचरण न केवल शिक्षक पद की गरिमा के विपरीत है, बल्कि अनुशासनहीनता और गंभीर अमर्यादित आचरण की श्रेणी में आता है. इस प्रकार के व्यवहार से शिक्षण संस्था की प्रतिष्ठा भी प्रभावित होती है. मामले को गंभीरता से लेते हुए विद्यालय प्रबंध समिति को नियमानुसार तत्काल कार्रवाई करने कहा गया है.

24 घंटे में कार्रवाई नहीं तो वेतन भुगतान रुकेगा
विद्यामंदिर प्राथमिक शाला, बेहरामुड़ा अनुदान प्राप्त संस्था है और इसका संचालन विद्यालय प्रबंध समिति के अधीन होता है. इसलिए डीईओ ने समिति के अध्यक्ष और सचिव को छत्तीसगढ़ शासन के अनुदान प्राप्त संस्थाओं से संबंधित नियमों के तहत शिक्षक को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं.

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि 24 घंटे के भीतर निलंबन की कार्रवाई का अनुपालन प्रतिवेदन प्रस्तुत नहीं करने पर विद्यालय के समस्त वेतन भुगतान की कार्रवाई रोक दी जाएगी. इसकी पूरी जिम्मेदारी विद्यालय प्रबंध समिति की होगी. विभाग के इस सख्त निर्देश के बाद शिक्षक के खिलाफ जल्द कार्रवाई की संभावना है.

Check Also

Rajnandgaon Accident: बर्थडे मनाने जा रहे 5 दोस्तों की कार पुलिया से टकराई, 3 की मौत; 2 की हालत गंभीर

राजनंदगांव : जिले से बड़ी खबर आ रही है. जिले में बीती रात सड़क हादसे …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *