छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में सरकारी स्कूल में पहली से पांचवीं तक की कक्षाओं में पढ़ने वाले बच्चों से सफाई और दीवारों की मरम्मत कराने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो कोटमी सोनार स्कूल का बताया जा रहा है।
वीडियो में बच्चे स्कूल की कक्षाओं में झाड़ू लगाते और दीवारों में पड़ी दरारों को सीमेंट से भरते नजर आ रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने जांच कराने की बात कही है।

अब जानिए पूरा मामला
कोटमी सोनार के बाजार पारा स्थित शासकीय उच्चतर प्राथमिक शाला का वीडियो वायरल हुआ है। यहां स्कूल के बच्चे क्लास साफ-सफाई करते हुए दिखाई दिए।
वहीं, कुछ बच्चे दीवारों में पड़ी दरारों पर सीमेंट लगाकर उन्हें भरने की कोशिश करते नजर आए। गांव के ही एक युवक ने इसका वीडियो बनाया लिया। वह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

पेरेंट्स ने स्कूल प्रबंधन पर उठाए सवाल
वीडियो सामने आने के बाद पेरेंट्स ने स्कूल प्रबंधन पर सवाल उठाए हैं। पेरेंट्स का कहना है कि स्कूल में पढ़ने आने वाले छोटे बच्चों से पढ़ाई के बजाय दीवारों की मरम्मत जैसे काम क्यों कराए जा रहे हैं।
डीईओ बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई
जिला शिक्षा अधिकारी मनोहर प्रताप सिंह ने मामले को संज्ञान में लिया है। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो के आधार पर जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। वीडियो में बच्चे दीवारों की दरारों को सीमेंट से भरते और मरम्मत करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों की पढ़ाई के साथ किसी तरह का खिलवाड़ न हो, इसका ध्यान रखा जा रहा है।
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter