Breaking News

खरवे हत्याकांड की हो उच्च स्तरीय जांच : विधायक संदीप साहू ने गृह मंत्री विजय शर्मा को लिखा पत्र, उठाए कई गंभीर सवाल

बलौदा बाजार। बलौदाबाजार जिले के कसडोल विधायक संदीप साहू ने गृह मंत्री विजय शर्मा को पत्र लिखकर ग्राम खरवे में जहरीली शराब से हुई 8 लोगों की मौत के मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है। 26 जून 2026 को लिखे गए इस पत्र में विधायक ने मामले को लेकर कई गंभीर आशंकाएं जताई हैं और पुलिस जांच पर भी सवाल उठाए हैं।

विधायक संदीप साहू ने पत्र में उल्लेख किया है कि, ग्राम खरवे, थाना कसडोल में आरोपी रामसहाय जायसवाल द्वारा शराब में जहर मिलाकर आठ लोगों की हत्या किए जाने की घटना अत्यंत गंभीर है। उन्होंने लिखा है कि गांव के लोगों के अनुसार इस पूरे मामले के पीछे अंधविश्वास, गड़े धन की तलाश, तांत्रिक अनुष्ठान और बलि जैसी गतिविधियों की चर्चाएं लंबे समय से होती रही हैं।

आरोपी के बयान झूठे
पत्र में यह भी कहा गया है कि, ग्रामीणों का मानना है कि, आरोपी द्वारा पुलिस को दिए जा रहे बयान वास्तविक घटनाक्रम से मेल नहीं खाते। विधायक ने आशंका जताई है कि इस जघन्य अपराध में आरोपी के साथ अन्य लोगों की भी संलिप्तता हो सकती है, जो कथित रूप से तांत्रिक क्रियाकलापों में शामिल थे।

4 महीने में 8 हत्याएं सामान्य नहीं
संदीप साहू ने अपने पत्र में लिखा है कि, केवल छोटी-छोटी बातों को लेकर चार महीनों के भीतर सिलसिलेवार तरीके से आठ लोगों की हत्या होना सामान्य घटना नहीं मानी जा सकती। उन्होंने कहा कि, गांव के लोग पुलिस के वर्तमान निष्कर्षों से संतुष्ट नहीं हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष एवं व्यापक जांच आवश्यक है।

उच्च स्तरीय जांच की मांग
विधायक ने गृह मंत्री से आग्रह किया है कि, ग्राम खरवे में आठ लोगों की हत्या के मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों का खुलासा हो सके और यदि किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका हो तो उसे भी कानून के दायरे में लाया जा सके। पत्र की प्रतिलिपि छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को भी सूचनार्थ भेजी गई है।

Check Also

CG B.Ed-D.El.Ed Counselling 2026: द्वितीय चरण की काउंसलिंग की तारीख बढ़ी, अब 27 सितंबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन पंजीयन

रायपुर। B.Ed. और D.El.Ed. पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए बड़ी राहत की …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *