बिलासपुर पुलिस में सोशल मीडिया का शौक और वर्दी की मर्यादा के बीच टकराव रुकने का नाम नहीं ले रहा है। (Video in Uniform) अभी कुछ दिन पहले ही मस्तूरी में पदस्थ एक आरक्षक को अपनी पत्नी के साथ वर्दी में रील बनाना इतना भारी पड़ा कि एसएसपी ने उन्हें सीधे लाइन अटैच कर दिया, लेकिन इस कड़ी कार्रवाई का असर जवानों पर होता नहीं दिख रहा है।
अब शहर में एक और आरक्षक का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह पूरी धमक के साथ वर्दी में अपनी पत्नी के साथ इंस्टाग्राम रील बनाते नजर आ रहा है। हैरानी की बात यह है कि सोशल मीडिया पर कार्रवाई को लेकर जब एक यूजर ने तंज कसा, तो आरक्षक ने बेखौफ होकर जवाब दिया कि वह कार्रवाई का इंतजार कर रहा है…….
वर्दी की मर्यादा पर फिर उठे सवाल (Video in Uniform)
बिलासपुर में वर्दी पहनकर वीडियो बनाने का यह नया विवाद अब सोशल मीडिया से निकलकर पुलिस मुख्यालय तक पहुँच गया है। वायरल हो रहे वीडियो में आरक्षक अपनी पत्नी के साथ फिल्मी गानों पर परफॉर्म कर रहा है, जिसे लेकर जनता के बीच मिली-जुली प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। जहाँ एक ओर अनुशासन को सर्वोपरि मानने वाले लोग इसे पुलिस की छवि धूमिल करने वाला कृत्य बता रहे हैं, वहीं दूसरी ओर आरक्षक की इंस्टाग्राम आईडी पर ऐसे वीडियो की भरमार है।
इस मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब “अब आपकी बारी” जैसे कमेंट पर जवान ने “आई एम वेटिंग ब्रो” लिखकर सीधे चुनौती दे डाली। लगातार सामने आ रहे इन मामलों के बाद अब पुलिस महकमा सख्त रुख अपनाने की तैयारी में है। एसएसपी रजनेश सिंह ने साफ कर दिया है कि पुलिस की वर्दी एक जिम्मेदारी है और इसके साथ किसी भी तरह का गैर-अनुशासित आचरण या खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल इस नए मामले में जांच के बाद कड़ी विभागीय कार्रवाई के संकेत मिल रहे हैं
INDIA WRITERS Voices of India, Words That Matter